तिल्दा-नेवरा
तिल्दा-नेवरा। नौतपा के चौथे दिन गुरुवार को भी तिल्दा-नेवरा भीषण गर्मी की चपेट में रहा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कें और बाजार पूरी तरह सूने नजर आए। लोगों को घरों से बाहर निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पिछले तीन दिनों के तापमान पर नजर डालें तो 25 मई को अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री और न्यूनतम 31 डिग्री दर्ज किया गया था। 26 मई को पारा बढ़कर 44.4 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहा। 27 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। वहीं 28 मई को भी गर्मी का असर बरकरार रहा और अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक नौतपा के चलते फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। दोपहर में तेज धूप और लू के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। हालत यह रही कि दूर-दूर तक ना तो लोग नजर आए और ना ही जानवर। दुकानदारों ने भी गर्मी से बचने के लिए अपनी दुकानों के आधे शटर नीचे कर दिए।
लोग अपने जरूरी काम सुबह 10 बजे तक निपटा रहे हैं। इसके बाद शाम 7 बजे के बाद ही बाजारों में चहल-पहल दिखाई दे रही है। नेवरा निवासी धर्मेंद्र पटेल ने बताया कि सुबह 10 बजे के बाद बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। गर्म हवाओं के कारण लोग परेशान हैं और बाजारों में भीड़ काफी कम दिखाई दे रही है।
विश्वविद्यालय क्षेत्र में रहने वाली आरती मिश्रा ने कहा कि रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। कूलर और पंखे भी ज्यादा असर नहीं दिखा पा रहे हैं, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
बीएमओ डॉ. सिन्हा ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
आने वाले तीन दिनों के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 29 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने की संभावना है। 30 मई को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रह सकता है। वहीं 31 मई को तापमान में हल्की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 30 और 31 मई को आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

