बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
73 किलो गांजा, प्रतिबंधित टेबलेट और हथियार मामले में आरोपी दबोचा गया
एंड-टू-एंड जांच में जुटी पुलिस, ड्रग सप्लाई चेन के कई और राज खुलने की उम्मीद
तिल्दा-नेवरा
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के बड़े मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर नशे के नेटवर्क पर एक और बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए खुर्शीद आलम उर्फ सलमान खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गांजा और प्रतिबंधित नाइट्रोसन टेबलेट की सप्लाई में शामिल होने का आरोप है।
थाना तिल्दा-नेवरा के अपराध क्रमांक 41/26 में पुलिस ने पहले 28 जनवरी 2026 को वार्ड क्रमांक-22 सासाहोली स्थित अटल निवास में रेड कार्रवाई कर महिला आरोपी मधु मिश्रा को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 73 किलो गांजा, 790 नग प्रतिबंधित नाइट्रोसन टेबलेट, 1 लाख 87 हजार रुपए नगद, 6 मोबाइल फोन, एक टैब और तीन बटनदार चाकू जब्त किए थे। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 41 लाख 75 हजार रुपए आंकी गई थी।
मामले में आगे जांच करते हुए पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उड़ीसा निवासी प्रणब कुमार नाइक और सफीकुल रहमान खान को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की गहराई से जांच करते हुए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने खुर्शीद आलम उर्फ सलमान खान को चिन्हांकित किया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह प्रणब कुमार नाइक और सफीकुल रहमान के साथ मिलकर मधु मिश्रा को गांजा और प्रतिबंधित नाइट्रोसन टेबलेट की सप्लाई करता था।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मारुति रिट्ज कार क्रमांक CG07 MA 0858, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपए है, जब्त की है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे ड्रग नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में कई और खुलासे हो सकते हैं।खुर्शीद आलम उर्फ सलमान खान पिता याकूब खान उम्र 32 वर्ष वार्ड क्रमांक 9 मकदूम नगर धरसीवा थाना धरसीवा जिला रायपुर

