तिल्दानेवरा । गुरुवार देर शाम तिल्दा क्षेत्र में चली तेज आंधी और तेज हवाओं ने जमकर कहर बरपाया। कई स्थानों पर पेड़ गिर गए तो वहीं कई होर्डिंग्स और विज्ञापन बोर्ड भी उखड़कर सड़क पर जा गिरे। तिल्दा-सिमगा मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा लाखों रुपये की लागत से लगाया गया सांकेतिक बोर्ड तेज हवा के कारण गिर गया।
गनीमत रही कि घटना के समय वहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बोर्ड सड़क पर गिरने से कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में स्थानीय लोगों और संबंधित विभाग की मदद से बोर्ड को हटाकर यातायात बहाल किया गया।
घटना के बाद लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन तेज आंधी ने प्रशासन की तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों की पोल जरूर खोल दी।

