जांजगीर-चांपा। जिला जेल जांजगीर में एक विचाराधीन बंदी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। बंदी को रेप के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और न्यायिक रिमांड पर एक दिन पहले ही जेल भेजा गया था। जेल परिसर में बंदी के फांसी के फंदे पर लटके मिलने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही जेल अधिकारियों ने तत्काल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि बंदी द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।
मृतक हाल ही में रेप प्रकरण में गिरफ्तार हुआ था और न्यायालय के आदेश पर उसे जिला जेल भेजा गया था। घटना के बाद जेल प्रशासन ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस मामले के सभी पहलुओं जांच कर रही है।जेल में विचाराधीन बंदी की आत्महत्या की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.

