महासमुंद। जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में यौन उत्पीड़न के आरोप में कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य नरेंद्र शास्त्री को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी नरेंद्र शास्त्री रायपुर जिले के सिलयारी निवासी बताए जा रहे हैं और कथा वाचन के लिए प्रदेशभर में परिचित हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक महिला ने बागबाहरा थाने में पहुंचकर नरेंद्र शास्त्री के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध धारा 376(2)(j), 376(2)(n) एवं 376(2)(m) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। हालांकि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है।
सूत्रों के अनुसार, मामला हाई-प्रोफाइल होने के कारण पुलिस पूरी सावधानी के साथ जांच कर रही है। वहीं गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

