रायपुर-केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज बस्तर दौरे पर रहेंगे। वे जगदलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय बस्तर ओलिंपिक के समापन समारोह में शामिल होंगे। इसी मंच से वे बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे को लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं। गृहमंत्री अमित शाह नुवा बाट के प्रतिभागियों का प्रदर्शन देखेंगे। इसके बाद प्रतियोगिता में जीत हासिल करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार भी प्रदान करेंगे।
तय कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह शुक्रवार रात रायपुर पहुंचे है। एयरपोर्ट पर CM साय सहित मंत्रियों ने अमित शाह का स्वागत किया . आज सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक वे रायपुर में बीजेपी नेताओं के साथ बैठक करेंगे, इसके बाद जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का यह एक महीने में तीसरा छत्तीसगढ़ दौरा है। इससे पहले वे राज्योत्सव और डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने प्रदेश आए थे।
हर दौरे के दौरान गृहमंत्री शाह नक्सल ऑपरेशनों और एनकाउंटर की समीक्षा कर रहे हैं और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधा फीडबैक ले रहे हैं। बस्तर ओलिंपिक के संभाग स्तरीय कार्यक्रम में फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स समेत अन्य स्पोर्ट्स के करीब 3500 युवाओं ने भाग लिया हैं। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा, बीजापुर, बस्तर, सुकमा, नारायणपुर, कांकेर और कोंडागांव इन सातों जिले से खिलाड़ी पहुंचे हैं।
वहीं करीब 761 सरेंडर्ड नक्सली और नक्सल हिंसा पीड़ित परिवार के सदस्यों ने भी खेल में हिस्सा लिया है। इनकी टीम का नाम नुआ बाट रखा गया है। पिछले साल यह संख्या लगभग 300 की थी।
माना जा रहा है कि, बस्तर के विकास के लिए गृहमंत्री अमित शाह कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी करेंगे । बस्तर के 100 से अधिक गांव सड़क मार्ग से जोड़े गए हैं। इन मार्गों में दशकों से यातायात सुविधा नहीं थी। इन गांवों में नक्सलियों की वजह से यातायात सुवीधा बंद थी। बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में प्रदेश के सीएम विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव-विजय शर्मा और मंत्री केदार कश्यप सहित बस्तर संभाग के सभी प्रमुख नेता शामिल होंगे।
इस दौरान ड्रोन कैमरों पर पूर्ण प्रतिबंध है, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था लागू है और डॉग स्क्वायर्ड की टीम भी तैनात की गई है।

