Homeछत्तीसगढ़हवा भरते समय फटा JCB का टायर, 22 वर्षीय हेल्पर की मौत,...

हवा भरते समय फटा JCB का टायर, 22 वर्षीय हेल्पर की मौत, 3 घायल

बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी में शुक्रवार को जेसीबी के टायर में हवा भरते समय हुए भीषण विस्फोट में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार निर्माणाधीन कॉलोनी में जेसीबी का पंचर टायर बनाया जा रहा था। मरम्मत के बाद उसमें हवा भरी जा रही थी। इसी दौरान टायर पर बैठे और आसपास खड़े लोग बातचीत कर रहे थे। अचानक टायर जोरदार धमाके के साथ फट गया।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि वहां मौजूद लोग 10 से 15 फीट तक हवा में उछल गए। टायर का लोहे का डिस्क भी करीब 30 से 40 फीट दूर जा गिरा। हादसे में सीपत निवासी 22 वर्षीय उमाकांत कौशिक गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में जेसीबी ऑपरेटर, मैकेनिक और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टायर पर कई लोग बैठे हुए थे, जिससे हादसे का असर और ज्यादा घातक हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है।
एक पल की लापरवाही और हवा भरने का साधारण काम मौत के धमाके में बदल गया। सवाल यह है कि आखिर भारी मशीनों के टायरों में हवा भरते समय सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया? फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन इस हादसे ने एक परिवार से उसका जवान बेटा छीन लिया है।.
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments