राजनांदगांव/छुरिया। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के छुरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन सगे भाई-बहनों की मौत हो गई। तीनों त्योहार की खरीदारी कर बाइक से अपने गांव गहिराभेड़ी लौट रहे थे। इसी दौरान शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर नहर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए, जबकि स्कॉर्पियो भी सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गई।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम गहिराभेड़ी निवासी संदीप साहू (19) अपनी बहनों भारती साहू उर्फ भूपेश्वरी (23) और टिकेश्वरी साहू उर्फ डीकेश्वरी (25) के साथ त्योहार की खरीदारी करने छुरिया गए थे। खरीदारी के बाद तीनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। मंगलवार शाम करीब 7 बजे नहर के पास भोलापुर की ओर से छुरिया जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में संदीप साहू और उनकी बहन भारती साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टिकेश्वरी साहू गंभीर रूप से घायल हो गईं।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल टिकेश्वरी को तत्काल छुरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की जान चली गई।
गांव में पसरा मातम
घटना की खबर मिलते ही गहिराभेड़ी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक साथ तीन भाई-बहनों की मौत से परिवार सहित पूरा गांव सदमे में है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद गांव में कई घरों में चूल्हा तक नहीं जला। त्योहार से पहले हुई इस घटना ने पूरे गांव की खुशियां मातम में बदल दीं।
हादसे में स्कॉर्पियो सवार लोगों को भी चोटें आई हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर छुरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह अंधेरा और तेज रफ्तार मानी जा रही है।

