रायपुर के सिलतरा में निजी स्टील फैक्ट्री में शुक्रवार को लोहे की गर्म चीज गिरने से 6 कर्मचारियों की मौत हो गई। 6 अन्य घायल हो गए हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है। घायलों को इलाज के लिए देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल लाया गया है। हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया।
धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि मेंटनेंस के दौरान हादसा हुआ। छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, यूपी, बिहार और आंध्र प्रदेश समेत अलग-अलग राज्य के कर्मचारी काम कर रहे थे। 5 घायलों से वे मिले वे अब ठीक हैं। कुछ को ज्यादा चोटें आई हैं।वहीं निजी स्टील प्लांट के अंदर पुलिस के आलाधिकारी समेत SDM, TI मौजूद हैं। वहीं बड़ी तादाद में स्थानीय और मृतकों के परिजन ने प्लांट को घेर रखा है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री निर्माणाधीन है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर दुख जताया है। प्रशासन को घायलों के इलाज की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम साय ने हादसे पर जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिला प्रशासन को घायलों के इलाज की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दुर्घटना पर दुख जताया है।
रायपुर एडीएम यूएस बंदे ने बताया कि अभी तक मिली जानकारी के अनुसार 6 लोगों की मौत हुई है। 6 घायल हैं। इनमें अधिकारी लेवल के कर्मचारी भी हैं। जांच के बाद हादसे का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा। अभी अंदर कोई नहीं है। सभी को अस्पताल ले जाया गया है।
मेंटनेंस के दौरान फैक्ट्री में हादसा, अलग-अलग राज्य के थे कर्मचारी- विधायक अनुज शर्मा
धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि 5 घायलों से मिलकर आ रहा हूं। मेंटनेंस चल रहा था। मेंटनेंस के दौरान हादसा हुआ है। हादसे के वक्त जनरल मैनेजर लेवल के अधिकारी भी मौजूद थे। इनमें से कुछ अधिकारियों की हालत गंभीर है। हादसे में छत्तीसगढ़, झारखंड, आंध्रप्रदेश के शामिल कर्मचारी शामिल हैं।
धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि डिप्टी लेवल के कर्मचारी, फोरमेन और सफाई कर्मी भी मौजूद थे। हादसे को लेकर कर्मचारियों को कोई अंदाजा नहीं हो पाया कि कैसे हादसा हुआ है। सब कुछ अचानक से हुआ है। हालांकि अभी हादसे की जांच होगी तो सब कुछ साफ होगा।
अनुज शर्मा ने बताया कि मरने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है कि वह कहां के रहने वाले थे, फैक्ट्री में क्या काम कर रहे थे, किस लेवल के कर्मचारियों की डेथ हुई है अभी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रबंधन को जल्द ही डिटेल में जानकारी मांगी गई है।
पायलट प्लांट में गरम स्लैक गिरने से हादसा
प्लांट के अंदर गर्म स्लैक गिरने से हादसा हुआ है। पुलिस अधिकारियों समेत ADM, SDM प्लांट के अंदर मौजूद हैं। फिलहाल, प्लांट के अंदर रेस्क्यू अभियान जारी है।

