कवर्धा: छत्तीसगढ़ में इन दिनों क्राइम का ट्रेंड काफी अलग सा है. 2 अप्रैल को मरवाही में एक शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि उसकी बीवी दारू पीती थी. अब 4 अप्रैल को कवर्धा से एक ऐसी खौफनाक घटना हुई है. जिसमें पारिवारिक कलह को शांत कराना एक बुजुर्ग पिता को भारी पड़ गया. उसके खुद के बेटे ने गुस्से में आकर अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया.
विवाद मत कर बेटा बोलना पड़ा महंगा: कवर्धा पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद बताया कि चिल्फी थाना इलाके एक शख्स अपनी पत्नी पर चरित्र शंका करता था. इसी वजह से वह अपनी पत्नी से लड़ाई कर रहा था. पत्नी को पीट रहा था. इस बीच शख्स के पिताजी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने बेटे को ऐसा करने से मना किया. उन्होंने बेटे को समझाया और विवाद मत कर कहा. इसी बीच गुस्से में बेटे ने कहा कि पति पत्नी के झगड़े में बोलने वाले तुम कौन होते हो. ऐसा कहकर उसने पास पड़े कुल्हाड़ी से पिता पर वार कर दिया. इस घटना पिता की मौके पर मौत हो गई. आरोपी उसके बाद फरार हो गया.
आरोपी जंगल से गिरफ्तार: इस घटना के बाद चिल्फी इलाके में चीख पुकार मच गई. पुलिस को सूचना दी गई. चिल्फी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. आस पास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया गया. मशक्कत के बाद पुलिस ने जंगल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी को जंगल से गिरफ्तार किया गया है. बुजुर्ग के शव को कब्जे में ले लिया गया है. रोपी के खिलाफ धारा 296,115(3) 103(1) और BNS के तहत केस दर्ज किया गया है- उमाशंकर राठौर, थाना प्रभारी, चिल्फी
छत्तीसगढ़ में गुस्से की वजह से हत्या और अन्य वारदात की घटनाएं बढ़ रही है. पुलिस भी इस तरह के केसों को लेकर हैरान है.

