Homeछत्तीसगढ़तुमने मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखे हैं, ऐसा बोलकर महिला से साइबर...

तुमने मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखे हैं, ऐसा बोलकर महिला से साइबर ठगी की बड़ी वारदात

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में साइबर ठगों ने महिला को निशाना बनाया

बिलासपुर: जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक महिला शिक्षक से बड़ी साइबर ठगी हुई है. ठगों ने महिला को फोन कर कहा कि तुम्हारे मोबाइल से अश्लील वीडियो देखे गए हैं. इसलिए तुम्हारे नाम पर एफआईआर दर्ज हो गई है. इससे बचने के लिए तुम्हे पैसे देने होंगे. महिला को डराया धमकाया गया. जिसके बाद महिला ने डर के कारण आरोपी के खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए.

महिला शिक्षिका को बदनाम करने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की धमकी देकर करीबन 76,500 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई. मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. आरोपी अपना नाम सुनील बता रहा था, उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है.

सिविल लाइन क्षेत्र की रहने वाली 42 वर्षीय महिला शिक्षिका के मोबाइल पर 4 जुलाई की दोपहर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके मोबाइल से अश्लील वीडियो देखे गए हैं और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने वाली है. साथ ही वीडियो वायरल कर सामाजिक प्रतिष्ठा खराब करने की धमकी भी दी गई.

बदनामी के डर से शिक्षिका ने बताए गये क्यूआर कोड पर अलग-अलग किश्त में करीब 76,500 रुपये फोनपे के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए. बाद में जब उन्हें अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ तो उन्होंने तत्काल साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए 28,993.13 रुपये की राशि होल्ड करा दी. इसके बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की. यह केस 10 जुलाई 2026 को दर्ज किया गया है.

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. मोबाइल नंबर और डिजिटल ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है- किशोर केवट, सिविल लाइन थाना प्रभारी, बिलासपुर

साइबर ठगी को लेकर बिलासपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान कॉल से डरकर पैसे ट्रांसफर न करें. अगर कोई व्यक्ति गिरफ्तारी, एफआईआर, अश्लील सामग्री या डिजिटल जांच के नाम पर पैसे मांगता है, तो उसके झांसे में न आएं. इस तरह की बातें होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं.

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments