गोगो पेपर भी बरामद, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई; लगातार छापेमारी से नशा तस्करों में दहशत
तिल्दा-नेवरा।
तिल्दा-नेवरा शहर सहित क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके बावजूद नशा तस्करी का नेटवर्क पूरी तरह थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस अवैध कारोबार में महिलाओं की संलिप्तता भी सामने आने लगी है। मंगलवार को तिल्दा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला के घर छापा मारकर लगभग पौने चार किलो गांजा तथा नशे में उपयोग किए जाने वाले 33 नग गोगो पेपर बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी महिला भारती भगवानी के कब्जे से गांजा और अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए गए। मामले में पुलिस ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। नशे के अवैध व्यापार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले दो महीनों के दौरान तिल्दा-नेवरा पुलिस नशा कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक आरोपी गिरफ्तार होकर जेल पहुंच चुके हैं। इससे पहले भी तिल्दा बस्ती स्थित अटल आवास के पास दो मंजिला मकान में रहने वाली एक महिला के घर छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा, नशीली गोलियां तथा दो बटनदार चाकू बरामद किए गए थे। उस मामले में भी आरोपी महिला और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तिल्दा बस्ती, दुर्गा बाडा देवी स्थल के आसपास तथा नेवरा बस्ती के कोटा रोड किनारे खुलेआम शराब और गांजे की बिक्री की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। शाम के समय कई स्थानों पर लोग सड़क किनारे बैठकर शराब और गांजे का सेवन करते देखे जाते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। लोगों ने पुलिस से ऐसे स्थानों पर नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मंगलवार की कार्रवाई के बाद नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
दो महीने में एक दर्जन से अधिक गिरफ्तार
तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले दो महीनों में नशे के कारोबार से जुड़े एक दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। लगातार हो रही कार्रवाई से नशा तस्करों में दहशत का माहौल है।

