तिल्दा-नेवरा। पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करती है। पर्यावरण संरक्षण भी इसी जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी सोच को साकार करते हुए तिल्दा-नेवरा थाना परिसर में देश के लौह पुरुष, भारत की एकता और अखंडता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती के अवसर पर भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में डीएस पीवीरेंद्र चतुर्वेदी .थाना प्रभारी एवं थाना स्टाफ के साथ पूर्व सैनिक स्कूल के छात्र-छात्राओं, विद्यालय के प्राचार्य राजेश चांदनी, थाना से सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों, पार्षद रानी साहू, सौरभ साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस मौके पर डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने कहा आज देश के लौह पुरुष, भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के पावन अवसर पर हम सभी इस पौधारोपण अभियान में एकत्रित हुए हैं। यह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।
आज पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी बन गई है। बढ़ता प्रदूषण, घटते वन और बदलता जलवायु संतुलन हमें यह संदेश दे रहे हैं कि यदि हमने अभी से प्रकृति की रक्षा नहीं की, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।

मैं सभी छात्र-छात्राओं से विशेष रूप से कहना चाहता हूं कि पौधा लगाना एक अच्छी शुरुआत है, लेकिन उससे भी बड़ा कार्य उस पौधे की देखभाल करना है। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे पेड़ बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प ले, तो हमारा शहर, हमारा प्रदेश और हमारा देश हराभरा बन सकता है।
पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने का ही कार्य नहीं करती, बल्कि समाज के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करती है। पर्यावरण संरक्षण भी हमारी इसी जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
टीआई रमाकांत तिवारी ने कहा मैं सभी जनप्रतिनिधियों, पूर्व पुलिस अधिकारियों, विद्यालय परिवार, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और थाना स्टाफ का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं कि आप सभी ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। आइए, आज हम सभी यह संकल्प लें कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल करेंगे और अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करेंगे।आइए, सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर हम सब मिलकर एक हरित, स्वच्छ और स्वस्थ भारत के निर्माण का संकल्प लें।

