मुआवजा, पुनर्वास और बरसात से पहले बेदखली पर रोक की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
तिल्दा-नेवरा
तिल्दा। तिल्दा-जोता रेलवे फाटक पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण को लेकर एक बार फिर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। ओवरब्रिज परियोजना से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा एवं समुचित पुनर्वास दिलाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि तिल्दा-जोता मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर प्रस्तावित ओवरब्रिज के कारण वर्षों से सड़क किनारे निवास कर रहे अनेक परिवारों के मकान और दुकान प्रभावित होंगे। कांग्रेस नेताओं एवं स्थानीय नागरिकों का लंबे समय से यह मत रहा है कि यहां ओवरब्रिज के बजाय अंडरब्रिज का निर्माण कराया जाए, जिससे यातायात की समस्या का समाधान भी हो और लोगों के घर-दुकान भी सुरक्षित रहें।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि शासन ओवरब्रिज निर्माण को आवश्यक मानता है, तो प्रभावित परिवारों को बाजार मूल्य के अनुरूप उचित मुआवजा, वैकल्पिक भूमि अथवा आवास उपलब्ध कराया जाए तथा उनके पुनर्वास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही बरसात से पहले किसी भी परिवार को बेदखल न करने की मांग भी उठाई गई है, क्योंकि इससे गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के सामने गंभीर आवासीय संकट खड़ा हो सकता है।
गौरतलब है कि पिछले डेढ़ वर्ष से शहरवासी प्रस्तावित ओवरब्रिज का विरोध कर रहे हैं। हाल ही में प्रशासन द्वारा उन मकान एवं दुकान संचालकों को नोटिस जारी किया गया है, जिनकी संपत्तियां निर्माण कार्य में बाधक बन सकती हैं। नोटिस में 18 जून तक परिसर खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद प्रभावित परिवारों में चिंता और असंतोष बढ़ गया है तथा राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने कहा कि कांग्रेस विकास कार्यों के विरोध में नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर गरीबों को बेघर करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावित परिवारों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा उनके हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि प्रशासन तत्काल सर्वे कर वास्तविक नुकसान का आकलन करे और मुआवजा एवं पुनर्वास की स्पष्ट नीति घोषित करे। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी है कि यदि प्रभावितों की मांगों की अनदेखी की गई तो कांग्रेस पार्टी एवं क्षेत्रवासी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के दौरान बलौदाबाजार विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी शैलेश नितिन त्रिवेदी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिल्दा शहर अध्यक्ष अजितेश शर्मा, जिला कांग्रेस महामंत्री जितेंद्र सेन, महामंत्री ओम ठाकुर तथा पार्षद प्रतिनिधि सनत सेन सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

