छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव को लेकर जारी राजनीतिक सर गर्मी के बीच भाजपा और कांग्रेस के घोषित प्रत्याशियों ने बुधवार को नामांकन दाखिल कर दिया। भाजपा की ओर से लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की ओर से फूलों देवी ने नेताम ने विधानसभा भवन में अपना नामांकन पत्र जमा किया ।दोनों के निर्विरोध निर्वाचित होने की संभावना लगभग तय मानी जा रही है। बता दें कि भाजपा में लंबे समय से चर्चा थी कि, राज्यसभा के लिए संगठन और सामाजिक समीकरण के साथ ही मातृशक्ति को मौका दिया जाएगा। जिसके बाद महिला उम्मीदवार चुनी गई।
भाजपा की राज्यसभा उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा सबसे पहले भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंची, वहां स्मृति मंदिर में पुष्पांजलि अर्पित की. साथ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट के सभी मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. लक्ष्मी वर्मा ने मीडिया से बात करते हुए शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया. लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि छोटे से कार्यकर्ता के रूप में भाजपा की विचारधारा को लेकर काम करना शुरू किया. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और हमारे लाखों कार्यकर्ताओं ने बड़ी जिम्मेदारी दी है, उनका धन्यवाद करती हूं और उस भूमिका को पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करूंगी.

नामांकन के अंतिम दिन विधानसभा परिसर में काफी गहमा गहमी रही ।चर्चा थी कि पूर्व विधायक और भाजपा के प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय भी नामांकन दाखिल कर सकते हैं। उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीदा था लेकिन पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि अब वह नामांकन दाखिल नहीं करेंगे।भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ,और विजय शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव मौजूद रहे ।लक्ष्मी वर्मा ने नामांकन के तीन सेट जमा किए विधानसभा में संख्या बल के आधार पर भाजपा और कांग्रेस को एक-एक सीट मिलना लगभग तय है ।

हालांकि भाजपा की नजर कांग्रेस के प्रत्याशी पर टिकी हुई थी। यदि कांग्रेस राज्य से बाहर के किसी नेता को उम्मीदवार बनाती तो भाजपा नवीन मार्कंडेय को वास्तविक प्रत्याशी बनाकर मुकाबला खड़ा कर सकती थी।लेकिन पार्टी ने उन पर दोबारा भरोसा जताते हुए फिर से टिकट दिया है, कांग्रेस प्रत्याशी फूलो देवी नेताम ने भी पर्चा दाखिल किया है । फूलो देवी वर्तमान में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। जिन उम्मीदवारों का कार्यकाल खत्म हो रहा है, उनमें उनका नाम भी शामिल है,कांग्रेस प्रत्याशी फूलों देवी नेताम के नामांकन के दौरान नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत सहित कई कांग्रेस विधायक मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के लिए वर्तमान में 5 सदस्य प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इनमें 2 सांसदों का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है, जबकि 2 सदस्यों का कार्यकाल 2028 और 2030 तक जारी रहेगा।
9 अप्रैल 2026 तक कार्यकाल वाले सांसदों में फूलोदेवी नेताम और केटीएस तुलसी शामिल हैं। यह दोनों कांग्रेस पार्टी से हैं। इसके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन का कार्यकाल 29 जून 2028 तक है। वहीं भाजपा से देवेन्द्र प्रताप सिंह का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक निर्धारित है।

