कोरबा -छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक ने अपनी पत्नी, मां और बहन पर हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जाँच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। युवक का अपनी पत्नी के साथ किसी बात पर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि युवक ने अपनी पत्नी की पिटाई शुरू कर दी। जब युवक की मां और बहन बीच-बचाव करने पहुँचीं, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया और घायल को अस्पताल पहुँचाया।फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जाँच की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी युवक एक साल पहले भी अपनी पत्नी की शिकायत पर जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने फिर से इस हिंसक वारदात को अंजाम दिया।

