हरियाणा के गुरुग्राम में 19 साल की एक छात्रा के साथ क्रूरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि उसके लिव-इन पार्टनर शिवम ने उसके प्राइवेट पार्ट्स पर सैनिटाइजर डालकर आग लगा दी और इसका वीडियो भी बनाया. ये मामला बादशाहपुर थाना इलाके का है. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता मूल रूप से त्रिपुरा की रहने वाली है और गुरुग्राम में सेक्टर-69 के एक पीजी में रहकर बायोटेक्नोलॉजी में बीएससी की पढ़ाई कर रही थी.
बताया जा रहा है पीड़िता दिल्ली के नरेला निवासी शिवम से एक ऑनलाइन ऐप के जरिए हुई थी. सितंबर 2025 में दोनों की बातचीत शुरू हुई और बाद में मुलाकातें होने लगीं. पीड़िता का आरोप है कि शिवम ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. कुछ समय बाद दोनों गुरुग्राम में साथ रहने लगे. इसी दौरान आरोपी उस पर शक करने लगा और उसके साथ मारपीट करने लगा.
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 16 फरवरी 2026 को आरोपी ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की. आरोप है कि उसने स्टील की बोतल से उसके सिर पर हमला किया और सिर को दीवार और फर्नीचर से टकराया. इसके बाद उसे मिट्टी के बर्तन से मारा गया. पीड़िता ने ये भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके प्राइवेट पार्ट्स पर सैनिटाइजर डालकर आग लगाने की कोशिश की और उसके पैरों पर चाकू से हमला किया. आरोपी ने उसे धमकी भी दी कि वो उसे इतना घायल कर देगा कि वो कभी चल नहीं पाएगी.
वीडियो बनाने का भी लगाया आरोप: पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसके न्यूड वीडियो बनाए. 18 फरवरी की रात को मौका मिलने पर उसने आरोपी के फोन से अपनी मां को बंगाली भाषा में पूरी घटना की जानकारी दी. आरोपी बंगाली नहीं समझता था, इसलिए उसे शक नहीं हुआ. इसके बाद उसकी मां ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया.
सफदरजंग अस्पताल में चल रहा इलाज: पुलिस ने छात्रा को पहले गुरुग्राम के सेक्टर-10 के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया. वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बयान देने के लिए अनफिट बताया. बाद में उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया. वहां इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए फिट घोषित किया. इसके बाद पुलिस ने उसका विस्तृत बयान दर्ज किया. गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के बताया कि “आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. दोषी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.”

