सुबह साइकिल से वार्डों का निरीक्षण कर रहे CMO, समस्याओं का मौके पर समाधान
तिल्दा-नेवरा -नगर के विभिन्न वार्डों में गंदगी और स्वच्छता संबंधी समस्याओं को लेकर VCN टाइम्स वेब पोर्टल में खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका प्रशासन सक्रिय हो गया है । नव पदस्त मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमिताभ शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वयं संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और मौके पर ही सफाई अमले को लगाकर विशेष सफाई अभियान चलवाया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने समाचार में उल्लेखित स्थानों की स्थिति का जायजा लिया और जहां-जहां कचरा एवं गंदगी पाई गई, वहां तत्काल सफाई कार्य कराकर पूरे क्षेत्र को स्वच्छ कराया गया। इस दौरान उन्होंने वार्ड पर्यवेक्षकों और स्वच्छता कार्यों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की शिकायतें दोबारा सामने नहीं आनी चाहिए। सीएमओ अमिताभ शर्मा ने स्पष्ट कहा कि नगर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने नियमित निरीक्षण, सतत मॉनिटरिंग और समयबद्ध सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
विशेष बात यह रही कि सीएमओ ने समाचार प्रकाशित करने वाले स्थानीय संवाददाता से भी दूरभाष पर चर्चा कर उन्हें पुनः स्थल का निरीक्षण करने और नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सुझाव देने का आग्रह किया। संवाददाता ने नगर पालिका की इस सकारात्मक पहल का स्वागत करते हुए जनसहभागिता बढ़ाने में सहयोग का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि नव नियुक्त सीएमओ अमिताभ शर्मा प्रतिदिन सुबह साइकिल से नगर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण करते हैं। भ्रमण के दौरान जहां भी गंदगी, अव्यवस्था या अन्य समस्याएं दिखाई देती हैं, वहां तत्काल संबंधित कर्मचारियों एवं अधिकारियों को निर्देश देकर समस्या के समाधान की कार्रवाई कराते हैं। नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा ने नागरिकों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने की अपील की है, ताकि नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सके।

