केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ दौरे पर आने वाले हैं। दोपहर एक बजे प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे। जहां भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक विधानसभा चुनाव की रणनीतियों पर मैराथन बैठक करेंगे।
बताया जा रहा है कि बीजेपी के प्रत्याशी चयन की लिस्ट पर अमित शाह अंतिम मुहर लगाएंगे। जिसके बाद प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। भारतीय जनता पार्टी के कुछ चुनिंदा नेता ही इस बैठक में शामिल होंगे। अमित शाह शाम 7 बजे भाजपा के कुछ नेताओं के साथ में रात का भोजन करेंगे। फिर वायु सेवा के विशेष विमान से नई दिल्ली लौट जाएंगे।
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री 22 सितंबर को रायपुर आने वाले थे। लेकिन अंतिम समय में गृह मंत्रालय की ओर से दौरा रद्द होने की पुष्टि की गई थी। इससे पहले 2 सितंबर को अमित शाह रायपुर आए थे। भाजपा के आरोप पत्र लॉन्च कार्यक्रम में शाह ने 21 सौ करोड़ के शराब घोटाले को केवल टिप बताया था।
भ्रष्टाचार मामले में प्रदेश कांग्रेस सरकार को घेरा था। उनके मुताबिक भ्रष्टाचार इससे कहीं ज्यादा का है। आरोप पत्र में भाजपा ने भ्रष्टाचार और वादा खिलाफी के साथ ही सरकार की विफलताओं के मुद्दों पर फोकस किया है।
नाराजगी जता चुके हैं शाह
अमित शाह जुलाई में प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठक ले चुके हैं। तब खबर यह भी सामने आई थी कि शाह स्थानीय नेताओं की परफॉर्मेंस से खुश नहीं हैं। तब मिली फटकार के बाद अचानक स्थानीय नेताओं ने अभियानों की तेजी लाई और यह कोशिश की जा रही है कि आने वाले समय में प्रदेश में भाजपा की सरकार बने।मगर यह भी बड़ा सच है कि बहुत सी सीटों पर भारतीय जनता पार्टी कमजोर है, अमित शाह इसी पर रिव्यू करने पहुंचने वाले हैं।

