तिल्दा-नेवरा- नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा द्वारा नगर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और राजस्व हानि रोकने के उद्देश्य से अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर के विभिन्न वार्डों में जांच अभियान चलाकर 15 अवैध नल कनेक्शनों को विच्छेदित (डिस्कनेक्ट) किया गया।
कार्रवाई के दौरान संबंधित उपभोक्ताओं को नगर पालिका के जल प्रदाय नियमों एवं प्रावधानों की जानकारी दी गई। नगर पालिका की सख्त कार्रवाई के बाद 15 उपभोक्ताओं ने अपने अवैध नल कनेक्शनों को नियमित कराने के लिए निर्धारित शुल्क एवं बकाया राशि जमा कराई। अभियान के तहत अब तक कुल 1 लाख 13 हजार रुपये नगर पालिका के खाते में जमा हो चुके हैं।
मंगलवार को वार्ड क्रमांक 13 में बिरझू निषाद, अशोक कुमार, ठाकुर दास एवं चंदीराम के अवैध नल कनेक्शनों को विच्छेदित किया गया। नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति लिए गए नल कनेक्शन नगर पालिका अधिनियम एवं प्रचलित नियमों का उल्लंघन हैं। ऐसे कनेक्शनों से जल वितरण व्यवस्था प्रभावित होती है तथा नगर पालिका को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
अभियान के दौरान नगर पालिका के राजस्व, जलकार्य एवं अन्य संबंधित शाखाओं के अधिकारियों-कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। प्रशासन ने बताया कि यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा है कि जिन लोगों ने अब तक अवैध रूप से नल कनेक्शन लिया हुआ है अथवा जिनके जलकर अभिलेख अद्यतन नहीं हैं, वे शीघ्र नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर अपने कनेक्शन नियमित करा लें। अन्यथा जांच में अवैध कनेक्शन पाए जाने पर तत्काल विच्छेदन के साथ नियमानुसार जुर्माना एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी की सहभागिता से ही नगर में पेयजल वितरण व्यवस्था को पारदर्शी, न्यायसंगत एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है।

