रायगढ़ जिले में जिंदल प्लांट के ठेका कर्मचारियों पर प्लांट के कई गार्ड ने लाठी और डंडे चलाए। ठेका कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर चक्काजाम कर रहे थे इसी दौरान उन्हें दौड़ा दौड़ाकर पीटा गया। कर्मचारियों ने प्रबंधन और ठेकेदार पर शोषण का आरोप लगाय है। वहीं प्रबंधन का कहना है कि यह मामला ठेकेदार और कर्मचारियों के बीच का है।
जिंदल स्टील प्लांट के कर्मचारी बुधवार से प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज हड़ताली ठेकाकर्मियों ने पतरापाली के आजाद चौक से करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम लगा दिया था। यातायात ठप होने और प्लांट का काम प्रभावित होने के बाद प्लांट के सुरक्षागार्ड पहुंच गए और मारपीट की। इसमें एक कर्मचारी के सिर पर गंभीर चोट भी आई है।
मांगों पर ध्यान नहीं दे रहा प्रबंधन
नाराज ठेका कर्मियों का कहना है कि सालों से उनकी मांगों और सुरक्षा पर न तो जिंदल प्रबंधन और न ही कंपनी के ठेकेदार ध्यान दे रहे हैं। इस वजह से उन्हें मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा है। कर्मियों ने बताया कि कंपनी के ठेकेदार ओवर टाइम करवाकर भी तय दर पर वेतन नहीं दे रहे हैं। इसके लिए कई बार प्रबंधन को पत्र और ज्ञापन दिया गया है, लेकिन किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई।
श्रमिकों का आरोप है कि ठेका कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी बड़ी लापरवाही बरती जा रही है। ज्यादातर ठेका मजदूरों को जूते, हेलमेट और सेफ्टी जैकेट भी नहीं दिए गए हैं। दुर्घटना होने पर इलाज भी नहीं कराया जाता। ठेकेदार अपने कर्मचारियों से दुर्व्यवहार करते हैं और उन्हें समय पर वेतन भी नहीं दिया जाता।

