छत्तीसगढ़

रायगढ़ के खरसिया में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत ;रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए

 रायगढ़: छत्तीसगढ़के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के परसखोल गांव में हत्या के मामले में संदिग्ध की पूछताछ के दौरान तबीयत बिगड़ने और बाद में इलाज के दौरान मौत होने का मामला सामने आया है। मामले में परिजन पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।हालांकि मामले को संज्ञान में लेते हुए एसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं इस मामले में संज्ञान लेते हुए रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। इस मामले में खरसिया थाना प्रभारी सहित दो आरक्षक लाइन अटैच कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, परसकोल गांव में कुछ दिन पहले अनिल चौहान नामक युवक की लाश खेत में मिली थी। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ शुरू की थी। इन्हीं में रमेश चौहान नाम का व्यक्ति भी शामिल था। पुलिस को जानकारी मिली थी कि घटना वाली रात रमेश और मृतक अनिल चौहान साथ में शराब पी रहे थे औरवह आखिरी बार मृतक के साथ देखा गया था। ऐसे में पुलिस ने रमेश चौहान को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था।

बताया जा रहा है कि, पूछताछ के दौरान रमेश चौहान की अचानक तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद उसे तत्काल खरसिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे डीकेएस अस्पताल रायपुर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान 5 मार्च की सुबह उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजन पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगा रहे हैं।

परिजनों का कहना है कि, पूछताछ के दौरान रमेश चौहान से मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई । मामले में परिजन दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि मामले में पुलिस ने किसी भी प्रकार की मारपीट या प्रताड़ना से साफ इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत पर जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button