छत्तीसगढ़

स्कूल में आकाशीय बिजली गिरने से एक बच्चे की मौत:5 झुलसे, 2 की हालत गंभीर

छ.ग.के सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर के प्राथमिक शाला रेडियापारा में आकाशीय बिजली गिरने से छात्र की मौत हो गई। आकाशीय बिजली की चपेट में 5 और छात्र भी आए जिनमें 2 की हालत गंभीर है।

मंगलवार दोपहर को अचानक मौसम बदलने के बाद बारिश हुई इसी बीच आकाशीय बिजली गिरी इसमें एक नर्स भी झुलस गई,जो बच्चों के स्वास्थ्य जांच के लिए स्कूल पहुंची थी। झुलसे हुए बच्चों को चांदनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

अस्पताल में भर्ती  बच्चों का इलाज जारी

जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर इलाके में गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई। इस दौरान प्राथमिक शाला रेडियापारा में गाज गिर गई। इसकी चपेट में आकर 5 बच्चे और वहां मौजूद नर्स ज्योति सिंह झुलस गई। घटना से स्कूल में हड़कंप मच गया। स्कूल में करीब 50 छात्र मौजूद थे।

गंभीर रूप से झुलसे 10 साल के लक्ष्मण सिंह की मौत हो गई। वह कक्षा चौथी का छात्र था। चांदनी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं कक्षा दूसरी का छात्र अमरजीत सिंह (8 साल), सहदेव सिंह (8 साल), भुवन सिंह (8 साल) और कक्षा चौथी का छात्र शिवराम सिंह (10 साल) झुलस गया। सभी का इलाज चांदनी अस्पताल में किया जा रहा है। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई गई है।

स्कूल के प्रधानपाठक ईश्वर दयाल वैश्य ने बताया कि चांदनी स्वास्थ्य केंद्र से बच्चों की जांच के लिए दो नर्सें आई थीं। गाज गिरने से नर्स के साथ मौजूद बच्चे भी झुलस गए हैं। इधर चांदनी में बिजली गुल होने से इलाज में परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासनिक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। घटना से गांव में शोक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button