छत्तीसगढ़

गृहमंत्री शर्मा ने बताया एक्शन प्लान:बोले- नक्सली या तो सरेंडर करेंगे या नेस्तनाबूत किए जाएंगे

छत्तीसगढ़ के कांकेर और नारायणपुर की सरहद से लगे महाराष्ट्र बॉर्डर पर सुरक्षाबलों ने 5 नक्सलियों को मार गिराया है। इनमें 2 महिला और 3 पुरूष नक्सली शामिल हैं। मौके से ऑटोमेटिक हथियार भी बरामद हुए हैं। कई नक्सलियों के घायल होने की भी खबर है।

ये खबर सामने आते ही नेताओं के बयान आने शुरू हो गए। छत्तीसगढ़ की फोर्स जब ये एनकाउंटर कर रही थी तब प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा झारखंड की चुनावी सभा में थे। वहां देश के गृहमंत्री अमित शाह भी थे। एनकाउंटर पर अमित शाह ने भी अपडेट विजय शर्मा से लिया।

क्या बोले गृहमंत्री अमित शाह

देश के गृहमंत्री अमित शाह ने झारखंड की चुनावी सभा में कहा कि 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को समाप्त करेंगे। इसके बाद छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा- विष्णुदेव सरकार में हमारे सुरक्षाबलों के वीर जवानों ने 1 साल से भी कम समय में 200 से अधिक नक्सलियों को ढेर कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।

यह उपलब्धि हमारे वीर जवानों की साहसिक कार्रवाई उनके शौर्य, साहस और पराक्रम का परिणाम है। विजय शर्मा ने कहा- 31 मार्च 2026 तक सभी हथियारबंद नक्सली या तो सरेंडर करेंगे या नेस्तनाबूद किए जाएंगे।

दीपक बैज बोले- अगर असली है एनकाउंटर…

प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज ने इस एनकाउंटर पर सवालिया अंदाज में अपना रिएक्शन दिया। दीपक बैज ने कहा- अगर असली एनकाउंटर हुआ है, अगर ओरिजिनल नक्सली मारे गए हैं तो जवानों को बधाई। बता दें कि इससे पहले भी कांग्रेस ने बीजापुर के पीड़िया में हुए एनकाउंटर को फर्जी बताया था।

तब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा था- पुलिस के डर से आदिवासी जान बचाकर भागे, कुछ लोग डर के मारे पेड़ पर चढ़ गए। मगर पुलिस ने पेड़ पर चढ़े उन आदिवासियों को गोली मारी और वो नीचे गिर गए। बीजापुर जिले के पीड़िया में हुआ एनकाउंटर फर्जी है। पुलिस ने 10 निर्दोष ग्रामीणों की हत्या की, वहां 2 नक्सली होने की जानकारी मिली है।

दरअसल, 10 मई को बीजापुर जिले के पीडिया में नक्सल एनकाउंटर में पुलिस ने 12 नक्सली मारने का दावा किया था। ग्रामीणों ने इसे फर्जी एनकाउंटर बताया, कांग्रेस ने 8 नेताओं का जांच दल बनाकर गांव भेजा और जो गांव वालों ने बयान दिया, उसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मीडिया के सामने रखा था।

CM साय की पोस्ट।
CM साय की पोस्ट।

CM साय ने दी शाबाशी

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए कांकेर एनकाउंटर पर लिखा- नारायणपुर-कांकेर जिले के सीमावर्ती इलाके उत्तर अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में 5 नक्सलियों के मारे जाने और 2 जवानों के घायल होने की खबर है।

सुरक्षाबल के जवानों को मिली यह सफलता सराहनीय है। ईश्वर से घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। नक्सलियों के खिलाफ हमारी सरकार मजबूती से लड़ाई लड़ रही है, हम नक्सलवाद के खात्मे के प्रति दृढ़ संकल्पित हैं।

कांकेर में 5 नक्सलियों को मार गिराया

कांकेर SP आईके एलिसेला ने बताया कि बस्तर के लगभग सभी जिलों के DRG जवान और महाराष्ट्र के C-60 कमांडोज ने नक्सल संगठन के सेंट्रल कमेटी मेंबर अभय को घेरने बड़ा ऑपरेशन लॉन्च किया है।नारायणपुर और कांकेर से लगे उत्तरी अबूझमाड़ में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर DRG, STF, BSF की संयुक्त टीम को रवाना किया गया था। सुबह 8 बजे से यह मुठभेड़ शुरू हुई थी।

कांकेर में मुठभेड़, 5 नक्सलियों को मार गिराया।

कई घंटे रुक-रुककर फायरिंग हुई। वहीं नक्सली इस इलाके से महाराष्ट्र की ओर भाग न जाएं इसके लिए कांकेर जिले से लगे गढ़चिरौली इलाके में सी-60 कमांडो को तैनात किया गया था। इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने 5 नक्सलियों को मार गिराया है। दो जवान भी घायल हुए हैं, जिन्हें रायपुर एयरलिफ्ट किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button