Monday, March 16, 2026
Home Blog Page 2934

डा. अरुण कुमार सेन की स्मृति में दो दिवसीय स्मृति समारोह 14-15 को रंगमंदिर में

रायपुर। डा. अरुण कुमार सेन की स्मृति में दो दिवसीय स्मृति समारोह का आयोजन 14 व 15 दिसंबर को रंग मंदिर गांधी चौक में संध्या 6.30 बजे से आयोजित किया गया है। इस दौरान वाराणसी के स्लाइडर गिटार पर डा. कमला शंकर व पुणे की मंजूषा पाटिल गायन, भिलाई के विख्यात नृत्यगुरु श्री जी. रतीश बाबू व रायगढ़ घराने की कथक गुरु डाक्टर आरती सिंह अपनी प्रस्तुति देंगी।
भातखण्डे ललितकला शिक्षा समिति के अध्यक्ष तरल मोदी, उपाध्यक्ष अजय तिवारी और सचिव शोभा खंडेलवाल ने संयुक्त रुप से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि डा. अरुण कुमार सेन की स्मृति में दो दिवसीय स्मृति समारोह का आयोजन किया गया है। 14 दिसंबर को स्लाइड गिटार पर वाराणसी की डा. कमला शंकर व तबला में वाराणसी के ही पंडित विनोद लेले अपनी प्रस्तुति देंगे। इसी प्रकार पुणे की मंजूषा पाटिल गायन, तबला में प्रशांत पांडव व हारमोनियम में अनंत जोशी होंगे।

दूसरे दिन यानी 15 दिसंबर को संध्या 6.30 बजे भिलाई के विख्यात नृत्यगुरु श्री जी. रतीश बाबू अपने दल के साथ भारतनाट्यम की प्रस्तुति करेंगे। इसके उपरांत रायगढ़ घराने की कला व परंपरा को आगे बढ़ा रही कथक गुरु डाक्टर आरती सिंह रायगढ़ की कुछ पारंपरिक बंदिशों पर आधारित नृत्य संरचनाएं अपने विद्यार्थियों के जरिए पेश करेंगी। समापन डेविड निराला के लोकरंग की प्रस्तुतियों के साथ होगा।

गरियाबंद बहुत ही सुंदर जिला है,यहां पर्यटन के विकास की अपार संभावना -भूपेश

-राम वन गमन पर्यटन परिपथ के लिए चिन्हित जगहों में राजिम भी शामिल,होगा विकसित
-राजिम मेले को ध्यान में रखते हुए 55 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है मेला स्थल के लिए राशि भी स्वीकृत

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट मुलाकात अभियान के तहत कल राजिम विधानसभा क्षेत्र के छुरा, फिंगेश्वर और राजिम में लोगों से भेंट मुलाकात की। मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होने कहा कि आप लोगों को यह पता ही है कि मैं शासन की योजनाओं का प्रत्यक्ष फीडबैक लेने के लिए प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहा हूं। अब तक लगभग 50 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा पूरा हो चुका है। राजिम विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान मैंने इस बात को प्रत्यक्ष रूप से देखा है कि हमारी न्याय योजनाओं से लोगों के जीवन में बहुत बदलाव आया है। उनका जीवन स्तर ऊंचा उठा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरियाबंद जिला बहुत ही सुंदर जिला है। इस जिले में पर्यटन के विकास की अपार संभावना है। यहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार लगातार काम कर रही है।
-राम वन गमन पर्यटन परिपथ में जिन 9 स्थानों को चिन्हित कर विकसित किया जा रहा है, उनमें राजिम भी शामिल है। राजिम में पर्यटकों की सुविधा के लिए अधोसंरचना विकसित की जा रही है। राजिम मेला को भी व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए काम किया जा रहा है।
– मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि हमने अपनी योजनाओं का लगातार विस्तार किया है, इससे हितग्राहियों की संख्या लगातार बढ़ी है।
– राजीव गांधी किसान न्याय योजना का लाभ अब खरीफ की सभी फसलों, उद्यानिकी फसलों और वृक्षारोपण करने वाले किसानों को भी मिल रहा है।

राज्य में कोदो-कुटकी-रागी का समर्थन मूल्य घोषित करने साथ- साथ हमने इन फसलों की खरीदी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की है।
– मुख्यमंत्री ने कहा की राजिम मेले को ध्यान में रखते हुए 55 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है मेला स्थल के लिए राशि भी स्वीकृत की गई है।
– यह स्थान विभिन्न संगठनों द्वारा सम्मेलन या संगोष्ठी आदि के लिए उपयोग में लाया जा सकेगा।
– मुख्यमंत्री ने बताया कि राजिम राम वन गमन परिपथ के तहत विकसित किया जा रहा है।
– श्री बघेल ने कहा की भेंट-मुलाकात का मुख्य उद्देश्य यह जानना है कि शासन की योजनाएं आम जनता तक पहुंच रहा है या नहीं।
– अभी तक 50 विधानसभाओं में ज़मीनी हकीकत का जायजा लिया जा चुका है।

– मुख्यमंत्री ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि किसान, मजदूर, गोपालकों को भी योजना का लाभ हो रहा है।
– महिलाएं भी गौठानों के मध्यम से स्वावलंबी हुई हैं। गोबर और वर्मी खाद बेच कर अपनी जरूरत की चीजे खरीद पा रही हैं।

कटोरा लेकर विधवा महिलाओं ने मांगी अनुकंपा नियुक्ति:मंत्री चौबे के बंगले के बाहर खड़ीं होकर बोलीं- हक की नौकरी भीख में दे दो

रायपुर में सोमवार को अनुकंपा नियुक्ति संघ की महिलाओं ने मंत्री रविंद्र चौबे के बंगले में भीख मांगकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी महिलाओं ने हाथ में कटोरा लेकर मंत्री के बंगले में जाकर नौकरी के लिए भीख मांगीं। जिसके बाद पुलिस ने उन महिलाओं को हिरासत में ले लिया।

सोमवार दोपहर 1 बजे पंचायत शिक्षक अनुकंपा संघ की कुछ महिलाएं अचानक पंचायत मंत्री रविंद्र चौबे के बंगले में पहुंच गईं। ये बंगले के मुख्य दरवाजे पर हाथों में कटोरा लेकर खड़ी हो गईं और नौकरी के लिये भीख मांगने लगीं। इसके बाद तत्काल बंगले के सिक्योरिटी वालों ने उन्हें हटाने की कोशिश की लेकिन महिलाएं हटने को तैयार नहीं थी। जिसके बाद सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी गई।

मंत्री के बंगले में इस तरह के प्रदर्शन से हड़कंप मच गया। जिसके बाद महिला पुलिस को बुलाकर उन्हें हिरासत में लिया गया। इस पूरे घटना के बीच मंत्री रविन्द्र चौबे भी बंगले में पंहुच गए लेकिन प्रदर्शनकारी महिलाओं से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी।

पुलिस ने महिलाओं को सिविल लाइन थाने ले गई। जहां उनसे मिलने बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास पहुंचे। उन्होंने महिलाओं से मिलना चाहा। साथ ही हिरासत में लेने का कारण पूछा। तो पुलिसवालों ने उन्हें जानकारी देने और प्रदर्शनकारी महिलाओं से मिलवाने से मना कर दिया। जिसके बाद गौरीशंकर थाने के बाहर ही धरने पर बैठ गए।मामला बिगड़ता देख पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को छोड़ दिया ।

संघ की प्रदेश अध्यक्ष माधुरी मृघे ने कहा प्रियंका गांधी महिलाओं को मजबूत करने आरक्षण देने की बात करती है। लेकिन यहां हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। छत्तीसगढ़ राज्य की विधवा बहू बेटियां भीख मांगने के लिए मजबूर हो गई है। सरकार जगह-जगह जाकर भेंट मुलाकात कर रही है और हम से मिलने के लिए कोई तैयार नहीं हो रहा है।

इन पांच राशि के लोगों को भाग्य का साथ मिलने से पूरे होंगे हर काम, पढ़ें दैनिक राशिफल

मेष
आज का दिन आपके लिए जिम्मेदारी से कार्य करने के लिए रहेगा। यदि आप किसी से कोई वादा या वचन करें,तो आपको उसे पूरा करना होगा। संतान से आपकी किसी बात पर बहसबाजी हो सकती है। आज अपने घर किसी नये मेहमान का आगमन हो सकता है और परिवार का माहौल खुशनुमा रहेगा। आप अपनी वाणी में सौम्यता बनाए रखें। अपने संस्कारों व परंपराओं पर आप पूरा बल देंगे। आप किसी मकान, दुकान और वाहन आदि की खरीदारी कर सकते हैं और आप श्रेष्ठ कार्य को भी कुछ समय देंगे। आपके किसी मित्र द्वारा आपको कोई उपहार मिल सकता है।
वृष 
आज का दिन बिजनेस कर रहे लोगों के लिए उत्तम रहने वाला है,क्योंकि उन्हें बिजनेस में किसी बड़ी डील को फाइनल करने का मौका मिलेगा और धार्मिक कार्य में भी आप पूरी रुचि दिखाएंगे। कुछ लंबे समय से रुकी हुई योजनाएं आज फिर से आप शुरू कर सकते हैं,जो आपके लिए अच्छा लाभ लेकर आएंगे। आपको कार्यक्षेत्र में किसी पर आंख मूंदकर भरोसा करने से बचना होगा। आप कुछ कार्य को कल पर टाल सकते हैं। जो बाद में आपके लिए समस्या बन सकती हैं। भाई बहनों से चल रही अनबन आज बातचीत के जरिए समाप्त करेंगे।
मिथुन 
आज आपको जल्दबाजी में किसी कार्य को करने से बचना होगा। आप कुछ धन संबंधित मामलों को लेकर व्यस्त रहेंगे,जिनके लिए आप अपने पिताजी से बातचीत भी कर सकते हैं। आप अपने कार्यों की एक सूची बनाएं,तभी आप उसको समय रहते पूरा कर पाएंगे और यदि कोई कानून संबंधित मामला चल रहा है,तो उसमें धैर्य बनाए रखें। तभी आपको उसमें अच्छा फल मिल पाएगा। संतान आपकी उम्मीदों पर खरी उतरेगी। आप मित्रों के साथ छोटी दूरी की यात्रा पर जा सकते हैं। आप पूरी मेहनत और लगन से कार्यक्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
कर्क 
आज का दिन आपकी प्रतिस्पर्धा को बढ़ाने वाला रहेगा। आपको अपने करियर को संवारने का पूरा मौका मिलेगा और आप अपने व्यवहार से सभी का भरोसा जीतने में कामयाब रहेंगे,जिससे आपके काफी काम आसानी से बन जाएंगे। आपकी साख भी बढ़ती दिख रही है और आपको किसी नए काम की शुरुआत करना बेहतर रहेगा। आप यदि कार्यक्षेत्र में अपने किसी अधिकारी से अपने मन की बात कहेंगे,तो वह आपके लिए बेहतर रहेगी,लेकिन यदि आपके ऊपर कुछ पुराना कर्ज है,तो उसे भी आप काफी हद तक उतारने में कामयाब रहेंगे। पिताजी को कोई पैरों में दर्द जैसी समस्या हो सकती है
सिंह 
आज का दिन आपके लिए महत्वपूर्ण रहने वाला है। आपको कुछ गंभीर विषयों में पूरी रुचि दिखानी होगी। व्यवसाय के कामों को समय रहते निपटाना होगा। शासन में सत्ता का भी आपको पूरा लाभ मिलता दिख रहा है। आपको अपनी पद व प्रतिष्ठा को बढ़ाने का मौका मिलेगा और यदि आपके ऊपर कुछ जिम्मेदारियां हैं,तो आप उन्हें समय रहते पूरा करें,तो आपके लिए बेहतर रहेगा। आपको किसी पैतृक कार्य में भी अच्छा प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा। आपको सभी का सहयोग व साथ मिलने से आपकी काफी मुश्किल आसनी से हल होंगी और आप अपने जीवन साथी के लिए कोई उपहार लेकर आ सकते हैं।
कन्या 
आज का दिन अध्यात्म के कार्यों से जुड़कर नाम कमाने के लिए रहेगा लेकिन कुछ शारीरिक समस्याएं यदि चल रही थी,तो उनसे भी आपको काफी हद तक निजात मिलेगी। आपको लाभ का प्रतिशत ऊंचा रहेगा। आप कुछ अवरोधों को लेकर परेशान तो रहेंगे,लेकिन वह भी आपके परिजनों की मदद से दूर होते दिख रहे हैं। धार्मिक कार्य के प्रति आपकी आस्था व विश्वास बढ़ेगा। भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। यदि आप किसी दूसरी नौकरी की तलाश कर रहे हैं,तो आपकी वह इच्छा भी पूरी होगी। आप अपनी दिनचर्या में बदलाव करके आप किसी अच्छे काम की शुरुआत कर सकते हैं,जो आपके लिए लाभदायक रहेगी।
तुला 
आज के दिन आपको लेनदेन के मामलों में सावधानी बरतनी होगी। आप किसी आवश्यक कार्य में आप धैर्य बनाए रखे,तो आपके लिए बेहतर रहेगा। आपका कोई लेनदेन से संबंधित मामला आपके लिए समस्या बन सकता है और किसी को धन उधार देने से बचना होगा। आपको किसी भी विपरीत परिस्थिति में भी धैर्य बनाए रखना होगा व आप अपने काम में लापरवाही बिल्कुल ना बरतें,नहीं तो बाद में आपको समस्या हो सकती है। यदि आपके परिजन कोई सीख दे,तो आपको उस पर चलने से बचना होगा,नहीं तो वह आपको कोई वाद विवाद करा सकती है।
वृश्चिक 
आज का दिन आपके लिए उन्नति दिलाने वाला रहेगा। आप अपने डेली रूटीन को बेहतर बनाए रखेंगे,क्योंकि आप योग व व्यायाम को अपनाकर शारीरिक कष्टों से दूर रहेंगे। आप सबको साथ लेकर चलने की पूरी कोशिश करेंगे और आपके करीबी भी आपका भरोसा जीतेंगे। आपकी नेतृत्व क्षमता का पूरा बल मिलेगा। दांपत्य जीवन में चल रही अनबन से आपको छुटकारा मिलेगा। आपको टीमवर्क के जरिए काम करने का मौका मिलेगा, जिसके परिणाम भी बेहतर रहेंगे। माता-पिता की सेवा के लिए भी आप कुछ समय निकालेंगे,जिससे आपको उनसे अपने मन की बात कहने का भी मौका मिलेगा

एग्जिट पोल में BJP को बहुमत के संकेत, कांग्रेस-AAP को इतनी सीटें मिलने का अनुमान

गुजरात में दो चरणों में मतदान हुआ है। इनमें से पहले चरण में 19 जिलों की 89 और दूसरे चरण में गुजरात के 14 जिलों की 93 सीटों पर आज दूसरे चरण का मतदान हुआ है। इस तरह कुल 182 सीटों पर मतदान हुआ है। वहीं, पहले चरण में लगभग 63.31 प्रतिशत मतदान हुआ था।  राज्य में बहुमत की सरकार बनाने के लिए 92 सीटों की जरूरत होगी।

रिपब्लिक पी-मारक्यू के एग्जिट पोल में भाजपा को बहुमत

वहीं, रिपब्लिक पी-मारक्यू ने सर्वे के बाद अपने एग्जिट पोल में दावा किया है कि गुजरात में भाजपा को 128 से 148 सीटें और कांग्रेस को 30 से 42 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, यहां आम आदमी पार्टी को दो से 10 सीटें ही मिलने की उम्मीद है। वहीं अन्य को तीन सीट मिल सकती है।
वहीं, इंडिया न्यूज जन की बात ने अपने एग्जिट पोल में दावा किया है कि गुजरात में भाजपा 117 से 140 सीटें जीत सकती है। वहीं, कांग्रेस को वहां 34  से 51 सीटें मिल सकती है। वहीं, यहां आम आदमी पार्टी को 6 से 13 सीटें मिल सकती हैं।
टीवी9 ऑन द स्पॉट ने गुजरात में 9100 लोगों से बात की। इसमें दावा किया गया है कि गुजरात में फिर से भाजपा की सरकार बन रही है। भाजपा को 128 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस के खाते में 45 सीटें जा सकती हैं। इस बार पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। आप को केवल तीन सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य के खाते में पांच से सात सीटें जीत सकती हैं।

राज्य में तीसरी पार्टी बनकर उभरी आम आदमी पार्टी

पिछले 27 सालों से भारतीय जनता पार्टी गुजरात की सत्ता में काबिज है। आम तौर पर राज्य में भाजपा और कांग्रेस ही मुख्य रूप से लड़ाई में होती थी, लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी ने राज्य में चुनावी मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। पिछले कई महीनों से आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने बेहद आक्रामक होकर राज्य में प्रचार किया है।

हिमाचल एग्जिट पोल में कांटे की टक्कर, हर सर्वे में बहुत करीबी है मुकाबला

गुजरात विधानसभा चुनाव और उपचुनावों के मतदान खत्म होने के बाद हिमाचल में इस बार किसकी होगी सरकार? क्या कह रही हैं एग्जिट पोल करने वाली एजेंसियां।

सभी सर्वे में कांग्रेस और भाजपा की सीटों के बीच अंतर बहुत कम

अभी तक जो सर्वे जारी किए गए है उनके अनुसार हिमाचल का मुकाबला सबसे ज्यादा रोचक होने वाला है। छह में से दो सर्वे को छोड़ दें तो सभी इस ओर इशारा कर रहे हैं कि हिमाचल में भाजपा और कांग्रेस के बीच टक्कर जोरदार होने वाली है।

अब तक छह कंपनियों के सर्वे आए सामने

टाइम्स नाउ ईजीटी जहां भाजपा की सरकार बनने का अनुमान जताया है, वहीं आजतक एक्सिस माय इंडिया के सर्वे में कांग्रेस की सरकार बनती नजर आ रही है। हिमाचल के लिए अभी तक जितने भी सर्वे आए हैं उनमें भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला होगा इतना तो तय हो गया है।

आजतक के सर्वे के अनुसार

भाजपा – 24-34
कांग्रेस – 30-40
आम आदमी पार्टी – 0
अन्य – 0

इंडिया टीवी का सर्वे

भाजपा – 35-40
कांग्रेस – 26-31
आप – 0-0
अन्य – 0-3

न्यूज 18 के सर्वे के अनुसार

भाजपा- 36
कांग्रेस-  30
आप –  0
अन्य –  2

जी न्यूज  के सर्वे के अनुसार

  • भाजपा – 35-40
  • कांग्रेस –  20-25
  • आप –    0-3
  • अन्य –    1-5
  • इंडिया न्यूज जन की बात भाजपा और कांग्रेस के बीच करीबी मुकाबला

    इंडिया न्यूज जन की बात के सर्वे के अनुसार 32-40 सीटें भारतीय जनता पार्टी को मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को 27-34, आम आदमी पार्टी को 0 और अन्य को 1-2 सीटें मिलने का अनुमान बताया जा रहा है।

    इंडिया न्यूज जन की बात
    हिमाचल में भाजपा 32 से 40 सीटें
    कांग्रेस 34 से 27 सीटें
    आप- शून्य सीट
    अन्य- एक से दो सीट

48 घंटे के भीतर दें जांच रिपोर्ट,लापरवाही सामने आई तो कार्रवाई के लिए रहे तैयार

स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने 4 नवजात शिशुओं की मौत मामले में ली बड़ी बैठक
अम्बिकापुर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री टीएस सिंहदेव एवं स्वास्थ्य सचिव श्री आर प्रसन्ना ने सोमवार को 4 नवजात शिशुओं की मृत्यु के कारणों तथा अस्पताल प्रबंधन की भूमिका की बारीकी जानने एसएनसीयू अम्बिकापुर पहुंचे। करीब 1 घंटे तक शासकीय चिकित्सा महाविद्यलय संबद्ध एसएनसीयू में कलेक्टर, एसपी, मेडिकल कालेज के डीन, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, सीएमएचओ, अस्पताल कंसल्टेंट, एचओडी तथा ड्यूटी डॉक्टर की उपस्थिति में 4 नवजातों की मृत्यु के सम्बंध में विस्तार से जानकारी लेते हुए एक-एक पहलू पर पूछ-ताछ की। उन्होंने नवजातों की मृत्यु को संवेदनशील व गम्भीर बताते हुए जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा 48 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी उस पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान रायपुर के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ खण्डेलवाल ने एसएनसीयू के वेंटिलेटर एवं वॉर्मर का जांच कर स्थिति का जायजा लिया। जांच में सभी उपकरण सही काम करते हुए पाया गया।

वरिष्ठ चिकित्सक भी रहेंगे अब रात्रि विजिट में- स्वास्थ्य मंत्री ने पूछ-ताछ के दौरान रात्रि में वरिष्ठ चिकित्सकों के द्वारा भ्रमण नहीं करने की स्थिति को लेकर गंभीरता दिखाते हुए अब प्रतिदिन एक वरिष्ठ चिकित्सक की रात्रि विजिट हेतु मासिक ड्यूटी चार्ट बनाने के निर्देश दिए तथा ऑन कॉल पर शीघ्र पहुंचने कहा। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डीन एवं चिककित्सा अधीक्षक को कड़ाई से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज के कितने डॉक्टर प्रायवेट प्रैक्टिस करते हैं और कितने निजी अस्पताल को रिफर करते हैं उसकी सूची तैयार करने के निर्देश दिए।
प्रबंधन की सक्रियता जरूरी- स्वास्थ्य मंत्री ने विद्युत पैनल खराब होने व जिम्मेदारों के द्वारा सक्रियता न दिखाने को लेकर कहा कि प्रबंधन को संजीदगी के साथ सक्रियता दिखानी होगी। जो भी समस्या है उसे उच्च अधिकारी को तत्काल जानकारी दें तथा संबंधित अधिकारी समस्या का समाधान शीघ्र करें। प्रशासनिक कारणों से समस्या उत्पन्न होना व समय पर निराकरण में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। अस्पताल के किसी भी काम को हल्के में न लें। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ रमणेश मूर्ति ने बताया कि शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबंध चिकित्सालय अम्बिकापुर के एसएनसीयू में 5 दिसंबर 2022 को प्रात: 5.30 बजे से 8.30 बजे के मध्य 4 नवजात शिशुओं की मृत्यु हो गई। चारां नवजात शिशुओं को गंभीर लक्षणों के साथ एसएनसीयू में भर्ती कर वरिष्ठ चिकित्सकों के द्वारा उपचार किया जा रहा था। 4 दिसम्बर की रात्रि 8.30 बजे से लेकर 5 दिसम्बर प्रात: 8 बजे तक डॉ गौरीशंकर एवं 7 नर्सिंग स्टाफ की ड्यूटी थी। वे निष्ठा पूर्वक उपचार कर रहे थे। मध्य रात्रि उपरांत लगभग रात्रि 1 बजे विद्युत प्रवाह की समस्या उत्पन्न हुई एवं नर्सिंग स्टाफ के द्वारा सूचित किये जाने पर विद्युत कर्मी पहुंचे एवं निरीक्षण कर पैनल में खराबी को दूर किया गया। विद्युत प्रवाह में चढ़ाव एवं उतार लोड के कारण होता रहा। लगभग 03 बजे तक विद्युत प्रवाह निरंतरित हो गया। इस दौरान वेन्टीलेटर लगातार जारी रहा तथा कभी भी बंद नहीं हुआ तथा वैकल्पिक व्यवस्था डी.जी. एवं यू.पी.एस. कार्य कर रहे थे। वार्मर उतार-चढ़ाव के साथ कार्य कर रहे थे। शिशुओं के परिजनों को उनकी गंभीर अवस्था के बारे में अवगत कराया गया था एवं रात्रि 10.30 बजे भी डॉ. गौरीशंकर द्वारा पुन: परिजनों को समझाया गया था। शिशुओं की मृत्यु पृथक-पृथक गंभीर लक्षणों के कारण हुआ था एवं विद्युत अवरोध से उसका संबंध नहीं है। इस दौरान छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री शफी अहमद, जिला पंचायत सदस्य श्री राकेश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

 

बैरंग लौटी झारखंड पुलिस, नेताम की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट की रोक

भानुप्रतापपुर। झारखंड पुलिस ब्रम्हानंद नेताम को लिए बिना वापस लौट गई है। दरअसल, भानुप्रतापपुर उपचुनाव में मतदान खत्म होते ही झारखंड पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम को हिरासत में लिए जाने की खबर आने लगी, लेकिन अब ब्रम्हानंद नेताम को लिए बिना ही झारखंड पुलिस वापस लौट गई है। इसलिए कि झारखंड हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।

इसकी अगली सुनवाई की तारीख 16 जनवरी 2023 तय हुई है। इसकी कापी भाजपा नेताओं ने पुलिस को भी दी । जैसे ही नेताम को गिरफ्तार किए जाने की खबर लगी भाजपा कार्यकर्ता काफी बड़ी संख्या में इक्टठा हो गए और पुलिस का विरोध करते हुए रास्ता रोक लिया इस बीच वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल और शिवरतन पहुंच गए वैसे ही कार्यकर्ताओं को आक्रोश पुलिस के खिलाफ और बढ़ गया इस बीच नेताम को अपनी गाड़ी में बिठाकर दोनों नेता रवाना हो गए। चूंकि मतदान खत्म ही हुआ और तत्काल में पुलिस की कार्रवाई से कार्यकर्ता नाराज हो गए स्थति बिगड़ती कि इससे पहले पुलिस वहां से लौट गई।

अंबिकापुर में देवेंद्र कुमारी सिंहदेव मेडिकल कालेज अस्पताल में चार शिशुओ की मौत

अंबिकापुर। रविवार की रात में राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव मेडिकल कालेज अस्पताल में चार घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित होने की वजह से एसएनसीयू वार्ड में भर्ती 4 नवजात शिशुओं की मौत हो गई। इस घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारी तत्काल वहां पहुंचे।
अस्पताल में मृत शिशुओं के परिजनों ने बिजली गुल होने के बाद बिगड़ी व्यवस्था और बिजली आने के बाद बच्चों की मौत होने की सूचना कर्मचारियों द्वारा देने की बात कहते हुए आरोप लगाया कि उनके बच्चों का उपचार एसएनसीयू वार्ड में चल रहा था। रविवार रात लगभग चार घंटे तक विद्युत बाधित हो जाने के कारण बच्चों की मौत होने का आरोप स्वजनों द्वारा लगाया गया है। सोमवार सुबह जैसे ही यह खबर फैली अस्पताल प्रबंधन सहित प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डीन डा रमनेश मूर्ति के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मातृ शिशु अस्पताल पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली। इस मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। हालांकि इस बारे में प्रशासन के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से किसी भी प्रकार की अधिकृत जानकारी नहीं दी गई है। कलेक्टर के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बंद कमरे में बैठक चल रही है कहा है।स्वास्थ्य मंत्री टी.एस सिंह देव ने कहा कि किन कारणों से बच्चों की मौत हुई इसकी विस्तृत जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।

प्रदर्शनकारियों के बीच स्वंय पहुंच गए सिंहदेव,दिलाया उचित कार्रवाई का भरोसा

अंबिकापुर। चार बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपने के बाद भाजपाई सड़क किनारे नारेबाजी कर रहे थे, इस बीच दूसरे रास्ते से स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव, स्वास्थ्य सचिव आर प्रसन्ना, कलेक्टर कुंदन कुमार व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता मातृ शिशु अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल के भीतर प्रवेश कर जाने के बाद भी जब स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंह देव को यह जानकारी लगी कि बाहर बच्चों की मौत के विरोध में भाजपाइयों का आंदोलन चल रहा है तो वे खुद प्रदर्शनकारी भाजपाइयों के बीच पहुंच गए। भाजपाई हाथों में काला कपड़ा रखे हुए थे। स्वास्थ्य मंत्री के सामने ही भाजपाइयों ने काले कपड़े लहराए और जमकर विरोध जताया। बाद में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की। उन्हें आश्वस्त किया कि यदि बच्चों की मौत को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक हुई है तो संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही होगी, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी

इस दौरान भाजपाइयों ने स्वास्थ्य मंत्री के विरुद्ध भी नारे लगाए लेकिन विरोध के नारों को दरकिनार करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का दोबारा भरोसा दिया। भाजपाइयों ने पीडि़त परिवारों को न्याय दिलाने का आग्रह स्वास्थ्य मंत्री से किया। स्वास्थ्य मंत्री प्रदर्शनकारी भाजपाइयों से मुलाकात करने के बाद सीधे मेडिकल कालेज के मातृ शिशु अस्पताल परिसर में स्थित एसएनसीयू वार्ड में पहुंचे और डीन डा रमनेश मूर्ति, अस्पताल अधीक्षक डा लखन सिंह सहित ड्यूटीरत चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों से मौतों को लेकर जानकारी ले रहे हैं।