Thursday, February 19, 2026
Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में स्टील कारोबारी के बेटे की गोली मारकर हत्या, कार लेकर...

छत्तीसगढ़ में स्टील कारोबारी के बेटे की गोली मारकर हत्या, कार लेकर घर से घूमने निकला था युवक

बिहार की सीमा से लगे छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक स्टील कारोबारी के बेटे अक्षत अग्रवाल (25) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि उसे रिवॉल्वर से 3 गोलियां मारी गई हैं। 2 गोली उसके सीने और एक पेट में लगी है। युवक का शव अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ रोड के किनारे जंगल के पास कार में मिला है।

गांधी नगर थाना पुलिस ने इस मामले में कंपनी के पूर्व कर्मचारी को हिरासत में लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि कारोबारी के बेटे ने खुद ही उसको गोली मारने के लिए कहा। हालांकि आरोपी के इस बयान की तस्दीक नहीं हो पाई है। पुलिस अभी जांच कर रही है।

अंबिका स्टील इंडस्ट्रीज के संचालक महेश केडिया का बेटा अक्षत अग्रवाल (25) बीती शाम अपनी हुंडई कार से घर से निकला था। इसके बाद 6.30 बजे उसका फोन बंद हो गया। परिजन परेशान होकर उसकी तलाश में जुटे थे। देर रात तक उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की सूचना दी थी।

बुधवार सुबह चठिरमा गौशाला से लगे जंगल के पास हुंडई कार संदिग्ध अवस्था में लोगों ने खड़ी देखी। वे कार के पास पहुंचे तो कार में एक युवक का शव ड्राइवर की सीट पर दिखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद ASP अमोलक सिंह, थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल, फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर गाड़ी को अनलॉक किया। युवक के पेट और सीने से खून निकल रहा था। गाड़ी के शीशों में भी खून के छींटे लगे थे। रिवॉल्वर से 3 गोलियां मारी गई हैं। जिस पिस्टल से हत्या की गई है, वह भी अक्षत अग्रवाल की है। गाड़ी से 3 महंगे पिस्टल मिले हैं। पिस्टल के लाइसेंस नहीं हैं।

मामले में पुलिस ने एक संदेही संजीव मंडल नामक युवक को हिरासत में लिया है। मंगलवार को अक्षत अग्रवाल के साथ संजीव मंडल को कार में देखा गया था। संजीव मंडल पहले अंबिका स्टील इंडस्ट्रीज में काम करता था। करीब एक साल पहले उसने काम छोड़ दिया था।

पुलिस ने आरोपी संजीव मंडल के कब्जे से 47 हजार रुपए नगद, मृतक अक्षत की सोने की चेन, सोने का ब्रेसलेट और अंगूठी बरामद की है। आरोपी ने गाड़ी में रखे पिस्टल को निकालकर पास ही झाड़ियों में छिपा दिया था। आरोपी के अनुसार तीनों पिस्टल अक्षत लेकर आया था।

शुरुआती पूछताछ में संदेही संजीव मंडल गोल-मोल जवाब दे रहा था। उसने पुलिस को बताया कि अक्षत केडिया ने किसी की हत्या के लिए उसे सुपारी देने की बात कही थी। इसके लिए उसने बड़ी रकम और सोना देने को कहा था। आशंका है कि हत्या लूटपाट के इरादे से की गई है।

एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि आरोपी के अनुसार, अक्षत अग्रवाल ने स्वयं को गोली मारने के लिए संजीव से कहा था। हालांकि संजीव के बयान की कोई तस्दीक नहीं हो रही है। आरोपी जमीन दलाल का काम करता है। उसने अक्षत से 50 हजार रुपए उधार भी लिया था। अक्षत उधार दिए पैसे ही वापस लेने आया था।

पुलिस की अब तक की जांच में एक ही आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया है। इसमें किसी अन्य की भूमिका नहीं मिली है। आरोपी के बयान से भी यह पता चला है कि वह अकेला ही था। एएसपी ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।

अक्षत अग्रवाल का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। करीब तीन बजे जब उसका शव घर पहुंचा तो मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गई। अक्षत अपने पिता का कारोबार संभालता था एवं व्यवहार कुशल था। दो भाइयों में वह छोटा था। उसके शव का अंतिम संस्कार शंकर घाट में किया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments