रायपुर-छत्तीसगढ़ की जेलों में बंद बंदियों को आज गंगाजल से स्नान कराया गया. प्रदेश के 5 सेंट्रल जेल, 20 जिला जेल और 8 सब-जेल में कैदियों को गंगा जल से स्नान कराया गया. आत्मशुद्धि और नैतिक उत्थान के लिए कैदियों ने गंगा जल से स्नान किया.
प्रयागराज महाकुंभ के ऐतिहासिक अवसर पर कैदियों को आध्यात्मिक लाभ देने की सरकार की पहल है. उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महाकुंभ से लौटने के बाद कैदियों के गंगा स्नान के लिए प्रयागराज से गंगा जल लाने की घोषणा की थी. उन्होंने बताया था कि 25 फरवरी को पूरे प्रदेश की जेलों में बंदियों के गंगा स्नान का विशेष आयोजन किया जाएगा

महाशिवरात्रि से पहले छत्तीसगढ़ की जेलों में आज उत्सव का माहौल रहा,छत्तीसगढ़ की सभी सेंट्रल जेल, जिला जेल और सब जेलों में बंद बंदियों को गंगाजल से स्नान कराया गया…इसके लिए जेल प्रशासन ने पहले से ही विशेष व्यवस्था कर रखी थी,गंगाजल से स्नान के लिए जेलो में उत्साह का माहौल देखने को मिला. उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार बंदियों के सुधार और पुनर्वास के लिए आगे भी इस कार्यक्रम को जारी रखेगी.
गंगा स्नान के बाद जहां कैदियों में उत्साह था वही उनके परिजन भी काफी खुश दिखाई दिए। एक कैदी की मां लाजवंती ने कहा गंगा मैया बेटे को सद्बुद्धि देगी और उनके पापों का हरण करेगी। उन्होंने कहा कि भले ही मेरा बेटा जेल में है और प्रयागराज में कुंभ का स्नान नहीं कर सका लेकिन सरकार ने गंगाजल से स्नान करा कर सभी कैदियों को पुण्य का भागीदार बना दिया है।

