कबीरधाम: कवर्धा के चिल्फी थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) शेषनाथ चौबे की मौत से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. एएसआई शेषनाथ चौबे का शव मंगलवार शाम थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में मिला. घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल शुरु की.
चिल्फी थाने से मिली जानकारी के अनुसार, एएसआई चौबे सोमवार रात ड्यूटी खत्म कर अपने सरकारी निवास पर चले गए थे. मंगलवार को जब वे ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो उनके सहयोगियों ने उनको फोन कर उनकी जानकारी लेनी चाही. फोन लगाने पर उनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया. किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए उनके सहयोगी तुरंत उनके सरकारी आवास पर पहुंचे.
पुलिस की टीम जब एएसआई शेषनाथ चौबे के सरकारी आवास पर पहुंची तो कमरे के दरवाजा अंदर से बंद मिला. साथी कर्मचारियों ने खूब दरवाजा खटखटाया, आवाज लगाई. लेकिन अंदर से कोई भी जवाब नहीं आया. अनहोनी का शक होने पर पुलिसवालों ने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया. कमरे के भीतर जैसे ही पुलिस की टीम पहुंची उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. कमरे के भीतर बेड पर एएसआई शेषनाथ चौबे की लाश पड़ी थी.
एएसआई की लाश मिलने की खबर से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. आनन फानन में पुलिस के आला अधिकारियों की घटना की सूचना दी गई. आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया. जांच टीम ने कमरे की हर चीज को देखा और समझा. पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया. पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही अब मौत की असली वजह का पता चल पाएगा.
मृतक एएसआई शेषनाथ चौबे की उम्र 53 साल थी. चौबे मूल रूप से राजनांदगांव जिले के निवासी थे.। पुलिस विभाग ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. परिजनों के पहुंचने के बाद आज शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा.
मौके से किसी तरह का नोट पुलिस को मिला है या नहीं इसका पता नहीं चल पाया है. जिस कमरे के भीतर से लाश मिल वो कमरा अंदर से बंद था. कमरे के भीतर सिर्फ एएसआई शेषनाथ चौबे थे. पुलिस अब हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है. पूरा मामला पुलिस विभाग से जुड़ा है लिहाजा पुलिस जांच में पूरी सतर्कता बरत रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से काफी कुछ साफ हो जाएगा कि मौत की वजह क्या थी और मौत का समय क्या था.

