Homeछत्तीसगढ़गुरु नानक जयंती की तैयारियां तेज, तिल्दा में गूंज रहे गुरुवाणी के...

गुरु नानक जयंती की तैयारियां तेज, तिल्दा में गूंज रहे गुरुवाणी के जयकारे

आज सुबह निकलेगी बड़े गुरुद्वारा बाबा गुरमुख दास दरबार से भव्य प्रभात फेरी 

तिल्दा-नेवरा।सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557 वे प्रकाश पर्व को लेकर तिल्दा-नेवरा में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल दिखाई देने लगा है। सुबह की पहली किरण के साथ शहर की गलियां गुरु नानक देव जी के जयकारों और गुरुवाणी से गूंज रही हैं। सिंधी समाज सहित विभिन्न समाजों के श्रद्धालु प्रभात फेरियों में शामिल होकर भजन-कीर्तन करते हुए गुरु साहिब के प्रति अपनी आस्था प्रकट कर रहे हैं। शहर के गुरुद्वारों में प्रकाश पर्व की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कहीं प्रभात फेरी तो कहीं अमृतवेला और अखंड पाठ के माध्यम से गुरु नानक देव जी का जन्मोत्सव मनाने की तैयारियां की जा रही हैं।

सुबह 4:30 बजे निकल रही प्रभात फेरी

श्री गुरु नानक देव जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भाई हरनाम दास गुरुद्वारे के प्रबंधक भाई मोहन दास के नेतृत्व में प्रतिदिन सुबह 4:30 बजे प्रभात फेरी निकाली जा रही है। इसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल होकर “धन गुरु नानक, सारा जग तारिया” के जयकारे लगाते हुए भक्ति में लीन नजर आते हैं। श्रद्धालु भजनों की धुन पर नाचते-गाते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हैं। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा प्रभात फेरी का स्वागत कर प्रसाद वितरित किया जाता है। जिन श्रद्धालुओं के घरों में प्रभात फेरी पहुंचती है, वहां भाई साहब मोहन दास द्वारा अरदास की जाती है और संगत को प्रसादी वितरित की जाती है। यह प्रभात फेरी 24 नवंबर तक जारी रहेगी।

गुरुद्वारों में सजेगा विशेष दीवान, होगा लंगर

गुरु नानक जयंती के अवसर पर सिंधी पंचायत हॉल में विशाल भोजन भंडारे का आयोजन किया जाएगा। वहीं गुरुद्वारे में विशेष अरदास के बाद अखंड पाठ साहिब का भोग लगाया जाएगा। प्रकाश पर्व को लेकर गुरुद्वारों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया जा रहा है।शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल बाबा गुरमुख दास दरबार और बाबा ढोलू राय गुरुद्वारे में भी प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।

अमृतवेला परिवार करेगा विशेष आयोजन

बड़े गुरुद्वारा बाबा गुरमुख दास दरबार में अमृतवेला परिवार के तत्वावधान में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अमृतवेला परिवार के प्रमुख दीपक निहिचलानी ने बताया कि गुरु नानक जयंती के दिन अखंड पाठ साहिब के भोग के पश्चात श्री गुरु नानक देव जी की विशेष आरती एवं अरदास होगी। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी का वितरण किया जाएगा।

गौरतलब है कि बड़े गुरुद्वारे में प्रतिदिन सुबह 4 बजे अमृतवेला का आयोजन होता है, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर गुरुवाणी और गुरु नानक देव जी की महिमा का गुणगान करते हैं।

आज सुबह 4 बजे निकलेगी भव्य प्रभात फेरी 

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शुक्रवार सुबह 4 बजे बाबा गुरमुख दास दरबार से भव्य प्रभात फेरी  निकाली जाएगी। शोभायात्रा दरबार से प्रारंभ होकर गायत्री मंदिर, संत कंवरराम चौक, भैरवगढ़ धाम मंदिर रोड, केवटपारा और पुराना यादव पेट्रोल पंप होते हुए स्टेशन चौक पहुंचेगी। यहां श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत कर प्रसाद वितरण किया जाएगा।

इसके बाद यात्रा स्टेशन चौक से आगे बढ़कर दीनदयाल चौक, हेमू कालाणी चौक, सिंह कपड़ा मार्केट और सिंधी कैंप होते हुए गुरु नानक चौक पहुंचेगी। यहां भी श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा शामिल होकर गुरु नानक देव जी के जयकारे लगाते हुए भजनों की धुन पर नाचते-गाते चलेंगे। सुबह 8 बजे गुरुद्वारे में शोभायात्रा का समापन होगा।

मानवता और समानता का संदेश देते हैं गुरु नानक देव जी

श्री गुरु नानक देव जी का जन्म 15 अप्रैल 1469 को तलवंडी में हुआ था, जिसे आज पाकिस्तान में ननकाना साहिब के नाम से जाना जाता है। उन्होंने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से पूरी मानवता को प्रेम, भाईचारे, समानता और सेवा का संदेश दिया। उनकी प्रमुख शिक्षाओं में नाम जपो, किरत करो और वंड छको अर्थात ईश्वर का स्मरण करो, ईमानदारी से मेहनत करो और मिल-बांटकर खाओ का विशेष महत्व है। गुरु नानक देव जी ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और धार्मिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानव सेवा को सर्वोपरि बताया। यही कारण है कि उनका प्रकाश पर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानवता, सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व भी है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments