Homeछत्तीसगढ़2300 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर D.Ed अभ्यर्थियों का हल्लाबोल,...

2300 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर D.Ed अभ्यर्थियों का हल्लाबोल, शिक्षा मंत्री के बंगले का घेराव

11 महीने से जारी है आंदोलन, सुबह 6:30 बजे बंगले पहुंचे अभ्यर्थी; सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों का पालन कराने की भी उठाई मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ में डीएड (D.Ed) अभ्यर्थियों का नियुक्ति को लेकर संघर्ष एक बार फिर तेज हो गया है। करीब 11 महीने से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने सोमवार को राजधानी रायपुर में एक बार फिर मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने सुबह करीब 6:30 बजे स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग सहायक शिक्षक भर्ती-2023 के शेष 2300 पदों पर पात्र अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति देने की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के बावजूद उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। अब वे नियुक्ति की निश्चित समय-सीमा घोषित करने की मांग कर रहे हैं।

11 महीने से संघर्ष, अब मंत्री बंगले तक पहुंची आवाज

डीएड अभ्यर्थी पिछले करीब 11 महीने से नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर आंदोलनरत हैं। इस दौरान वे कैंडल मार्च, मौन प्रदर्शन, दंडवत यात्रा और कई बार ज्ञापन सौंपकर शासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर चुके हैं। इसके बावजूद नियुक्ति का इंतजार खत्म नहीं हुआ है।

अभ्यर्थियों का दावा है कि सुप्रीम कोर्ट और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद शेष पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। उनका कहना है कि जब तक पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं मिलती और सरकार की ओर से स्पष्ट तारीख घोषित नहीं की जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

5 नवंबर को भी हुआ था बंगले का घेराव

गौरतलब है कि 5 नवंबर को भी डीएड अभ्यर्थियों ने परिजनों के साथ शिक्षा मंत्री के बंगले का घेराव किया था। उस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस और झूमाझटकी हुई थी। पुलिस ने अभ्यर्थियों को वहां से हटाकर बसों में बैठाया था। अब एक बार फिर प्रदर्शन होने से नियुक्ति का मुद्दा गरमा गया है।

सवाल यह है कि आखिर कब तक शिक्षक बनने का सपना संजोए ये अभ्यर्थी नियुक्ति के इंतजार में सड़कों पर संघर्ष करते रहेंगे? अब देखना होगा कि सरकार उनकी मांगों पर कब तक ठोस निर्णय लेती है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments