दादापारा रेलवे फाटक के पास मिला शव, मृतक की पहचान ढढहा निवासी विजय धुरी के रूप में हुई
बिलासपुर। जिले में एक युवक की क्षत-विक्षत लाश सड़क पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना दादा पारा रेलवे फाटक के पास की है, जहां युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने सड़क पर युवक का शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चकरभाठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान ढढहा निवासी विजय धुरी के रूप में हुई है।
शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

