रेलवे जोनल सलाहकार समिति सदस्य दीपक शर्मा ने रखी थी मांग, उपमुख्यमंत्री ने गंभीरता से लेते हुए की पहल
तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग अब पूरी होने की उम्मीद बढ़ गई है। रेलवे जोनल समिति के सदस्य दीपक शर्मा ने तिल्दा-नेवरा की रेल सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात कर उन्हें मांग पत्र सौंपा था। इस मांग को उपमुख्यमंत्री ने गंभीरता से लेते हुए अब केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर तिल्दा-नेवरा स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की है।
तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के लोगों के लिए यह पहल काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। तिल्दा प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है और आसपास के बड़ी संख्या में गांवों के अलावा बेमेतरा-कबीरधाम जैसे जिलों के यात्रियों के लिए भी यह महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है। इसके बावजूद लंबी दूरी की कई महत्वपूर्ण ट्रेनें तिल्दा में नहीं रुकतीं। इससे यात्रियों को रायपुर या बिलासपुर जैसे बड़े स्टेशनों तक जाने के लिए अतिरिक्त समय और खर्च उठाना पड़ता है।
दीपक शर्मा ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष जिन प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी थी, उनमें 12251/12252 वैनगंगा एक्सप्रेस, 12849/12850 बिलासपुर-पुणे एक्सप्रेस, 15231/15232 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस, 20843/20844 बिलासपुर-भगत की कोठी एक्सप्रेस, 18201/18202 दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस, 12823/12824 छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस तथा 22647/22648 कोरबा-तिरुवनंतपुरम एक्सप्रेस शामिल हैं।
व्यापारी, विद्यार्थी और मरीजों को मिलेगा लाभ
लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव से तिल्दा-नेवरा सहित आसपास के क्षेत्र के व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों और आम यात्रियों को सीधे तौर पर फायदा मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में कई यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए दूसरे स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विजय शर्मा ने जिस गंभीरता के साथ तिल्दा-नेवरा की इस मांग को लिया है, उससे क्षेत्रवासियों की उम्मीदें बढ़ी हैं। लोगों को भरोसा है कि उपमुख्यमंत्री की पहल से रेलवे मंत्रालय तक तिल्दा की आवाज मजबूती से पहुंचेगी और आने वाले समय में प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव का रास्ता साफ होगा।
तिल्दा-नेवरा में ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से उठती रही है। ऐसे में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा रेल मंत्री को पत्र लिखे जाने को क्षेत्र के लोग एक सकारात्मक और महत्वपूर्ण पहल के रूप में देख रहे हैं।

