बलरामपुर जिले में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। झोहन्ना गांव में एक ही परिवार के चार सदस्य—पति, पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों के शव घर के भीतर खून से लथपथ मिले। घटनास्थल से अवैध देशी तमंचा, खून से सनी कैंची और एक ऐसा मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसमें आत्महत्या की ओर इशारा करने वाली सामग्री होने की बात पुलिस कह रही है। हालांकि चारों की मौत हत्या है या इसके पीछे कोई और वजह, इसका खुलासा फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
झोहन्ना गांव का एक घर शुक्रवार शाम मातम में बदल गया। घर के भीतर पति, पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों के खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटनास्थल से मिले हथियार, खून से सनी कैंची और मोबाइल फोन ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
एसपी ने कहा कि घर में लगा सीसीटीवी कैमरा अपराह्न तीन बजे के बाद रिकॉर्डिंग बंद कर चुका था। कमरे से खून से सनी एक कैंची भी बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि मृतक के भाई ने पुलिस को एक मोबाइल फोन भी उपलब्ध कराया है, जिसमें आत्महत्या की ओर संकेत करने वाली सामग्री मौजूद है। एसपी ने कहा कि फॉरेंसिक टीम घटनास्थल की जांच कर रही है और मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बजरंगी, कोमल और उनकी पुत्री के शव खून से लथपथ मिले, जबकि शिशु पुत्र के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए। पुलिस के अनुसार, चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

