तिल्दा-नेवरा-कारगिल विजय दिवस के अवसर पर तिल्दा-नेवरा के सरस्वती शिशु मंदिर में पूर्व सैनिक समाज कल्याण संगठन द्वारा भावपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए तथा उनकी अमर गाथाओं को स्मरण कर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया।
समारोह में जिला पंचायत सभापति शैली महेंद्र साहू, जिला पंचायत सभापति स्वाति वर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष पलक, पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा शहर अध्यक्ष रानी सौरभ जैन सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, गणमान्य नागरिक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कारगिल युद्ध में शामिल रहे पूर्व सैनिक कोमल कटारिया एवं युगल किशोर यादव ने युद्ध के दौरान के अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि भारतीय सेना ने विपरीत परिस्थितियों में अदम्य साहस और अद्वितीय पराक्रम का परिचय देकर दुश्मनों को परास्त किया। उन्होंने युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं से देश सेवा की भावना अपनाने का आह्वान किया।

जिला पंचायत सभापति शैली महेंद्र साहू ने कहा—”कारगिल के वीर शहीदों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके साहस और राष्ट्रभक्ति को कभी भुलाया नहीं जा सकता। हम सभी का कर्तव्य है कि शहीदों के सपनों का भारत बनाने में अपना योगदान दें।”
जिला पंचायत सभापति स्वाति वर्मा ने कहा—”कारगिल के वीरों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की आन, बान और शान की रक्षा की। उनकी वीरता आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी। हम सभी उनके बलिदान को नमन करते हैं।”
पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा शहर अध्यक्ष रानी सौरभ जैन ने कहा—”आज का दिन हमें राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है। उनका त्याग और समर्पण सदैव हमारी स्मृतियों में अमर रहेगा।”
नगर पालिका उपाध्यक्ष पलक ने कहा—”देश के वीर सैनिकों की बदौलत ही हम सुरक्षित और स्वतंत्र जीवन जी रहे हैं। कारगिल के अमर शहीदों का बलिदान देश कभी नहीं भूलेगा और उनका सम्मान सदैव सर्वोपरि रहेगा।”

सैनिक महेश वर्मा ने कहा कि कारगिल के शहीदों की कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका शौर्य और बलिदान हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है तथा आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थितजनों ने कारगिल के अमर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं स्टार म्यूजिक ग्रुप तिल्दा के लकी भोजवानी, नारायण शर्मा एवं न्यास साहू ने ओजपूर्ण देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। समारोह का समापन भारत माता के जयघोष और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि के साथ हुआ।

