तेज बारिश भी नहीं रोक सकी आग की भयावह लपटें, होटल में ठहरे लोगों ने भागकर बचाई जान, कई वाहन भी जलकर खाक
रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में बुधवार देर रात भीषण आग ने जमकर तबाही मचाई। रात करीब एक बजे हार्डवेयर की एक दुकान में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और मशहूर ऑक्टोपस बार सहित आसपास की चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि तेज बारिश भी इसकी लपटों को नहीं रोक सकी। आग की चपेट में आने से कई वाहन भी जलकर राख हो गए, जबकि पास के होटल में ठहरे लोगों ने जान बचाने के लिए भागकर सुरक्षित स्थानों पर शरण ली।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों और पुलिस की टीम ने पूरी रात मशक्कत की, जिसके बाद सुबह आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझने के बाद भी लंबे समय तक धुआं उठता रहा।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग की शुरुआत हार्डवेयर दुकान से होना सामने आया है। इसके बाद आग तेजी से फैलते हुए ऑक्टोपस बार और आसपास की अन्य दुकानों तक पहुंच गई। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास अफरा-तफरी मच गई। होटल में ठहरे लोगों को अपना सामान तक निकालने का मौका नहीं मिला और वे जान बचाकर बाहर भागे। भोजनालय संचालक बॉबी तोलानी ने बताया कि रात करीब एक बजे आग लगने की सूचना मिली।
जब वे मौके पर पहुंचे तब तक आग पूरी तरह बेकाबू हो चुकी थी और देखते ही देखते आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।फिलहाल इस भीषण अग्निकांड में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है, जबकि आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

