तिल्दा-नेवरा -समीपस्थ ग्राम भुरसुदा में सोमवार को पर्यावरण संरक्षण और खेल प्रतिभाओं के सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां हाई स्कूल परिसर एवं गोठान में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके बाद जेसीपी क्रिकेट टूर्नामेंट के भव्य समापन समारोह का आयोजन हुआ।पौधारोपण कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति शैल महेंद्र साहू ने ग्राम पंचायत भुरसुदा की सरपंच सरोज वर्मा के साथ फलदार पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर आयोजित सादे समारोह में शैल महेंद्र साहू ने कहा कि “एक पौधा केवल पेड़ नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरियाली और बेहतर भविष्य की अमूल्य धरोहर है। यदि हर व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो हमारा गांव, प्रदेश और देश हराभरा बन सकता है।” उन्होंने सभी ग्रामीणों से पौधारोपण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
इस दौरान उपसरपंच राजेश नायक, पंच रमेश पटेल, पूजा बघेल, सुनीता यादव, भागेलु सोनवानी, साकेत नायक, अरविंद नायक, रमेश साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इसके बाद जिला पंचायत सभापति शैल महेंद्र साहू ने जलेसो के मैदान में आयोजित जेसीपी क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। समारोह में कुंदरु सरपंच यशवंत वर्मा, नकटी सरपंच भारतीय, योगेंद्र बघेल, राजेश यादव, तुकेश यादव, मुकेश वर्मा और योगेंद्र वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
रोमांचक फाइनल मुकाबले में किंग कोबरा बंगोली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। माउली इंटरप्राइजेज भारतओरी उपविजेता रही, जबकि रोहन-11 ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

मुख्य अतिथि शैल महेंद्र साहू ने विजेता टीम को ₹70,000 नकद एवं ट्रॉफी, उपविजेता टीम को ₹35,000 तथा तीसरे स्थान पर रही टीम को ₹10,000 का पुरस्कार प्रदान किया।
शैल महेंद्र साहू का प्रेरक संबोधन
पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए शैल महेंद्र साहू ने कहा—
“खेल केवल जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष, भाईचारे और नेतृत्व की पाठशाला है। मैदान में उतरने वाला हर खिलाड़ी सम्मान का पात्र होता है। जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन जो खिलाड़ी हार से सीखकर आगे बढ़ता है, वही भविष्य में बड़ी सफलता हासिल करता है। मुझे विश्वास है कि आज जो टीमें विजेता नहीं बन सकीं, वे भी मेहनत और लगन से आने वाले समय में जरूर चैंपियन बनेंगी। युवाओं को खेलों से जुड़कर नशामुक्त, स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।”
कार्यक्रम को भाजपा नेता एवं कुंदरु सरपंच यशवंत वर्मा तथा योगेंद्र बघेल ने भी संबोधित किया। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों को लगातार जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

