दुर्ग: पुलगांव थाना क्षेत्र के छातागढ़ स्थित शिवनाथ नदी में दर्दनाक हादसा हो गया. जहां शिवनाथ नदी के तेज बहाव में दो बच्चे बह गए. डूबने की सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. शुक्रवार देर रात तक एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोर नदी में बच्चों की तलाश करते रहे, लेकिन अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान बंद करना पड़ा. आज सुबह फिर से टीम ने नदी में बच्चों की तलाश शुरू की. एक बच्चे का शव बरामद कर लिया है. SDRF की टीम दूसरे बच्चे की तलाश कर रही है.
शुक्रवार शाम को 14 से 15 साल के 7 से 8 लड़के बर्थ डे सेलिब्रेट करने छातागढ़ गए थे. मौज मस्ती के बाद दोस्तों ने नदी में नहाने का प्लान बनाया और एक एक कर उतरने लगे. इसी दौरान नहाने उतरे दो बच्चे तेज बहाव में बह गए. बाकी बच्चे नदी से बाहर आए और आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी. तुरंत पुलिस को बच्चों के डूबने के बारे में जानकारी दी गई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. लेकिन अंधेरा होने की वजह से SDRF की टीम सर्च अभियान पूरा नहीं कर सकी.
एसडीआरएफ के अधिकारी नागेन्द्र सिंह ने बताया कि शिवनाथ नदी के तेज बहाव में दो बच्चों के डूबने की सूचना मिलने पर सर्चिंग अभियान चलाया गया. आज सुबह सर्चिंग अभियान के दौरान एक बच्चे का शव बरामद किया गया है. बच्चे का शव घटनास्थल से 1 किलोमीटर दूर बरामद हुआ. पुलिस ने मृतक की पहचान रेहान 14 साल निवासी उरला के रूप में की है.. वही दूसरे बच्चे की तलाश जारी है.