घर से निकले थे कुछ गिट्टी निकालकर परिवार का सहारा बनने… लेकिन किसे पता था कि वही पत्थर उनकी आखिरी मंज़िल बन जाएगा। एक पल में सब कुछ खत्म हो गया… और गांव में मातम पसर गया। सूरजपुर के लांची गांव से आई यह तस्वीर हर किसी का दिल दहला रही है।”
सूरजपुर जिले के लांची गांव में रविवार दोपहर खुदाई के दौरान एक विशाल पत्थर टूटकर दो युवकों के ऊपर गिर गया। हादसे में बाबूलाल गोंड़ (18) और जयपाल गोंड़ (18) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों सरकारी जमीन पर गिट्टी निकालने के लिए खुदाई कर रहे थे, तभी अचानक पत्थर धंस गया और वे उसके नीचे दब गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों के शव बाहर निकाले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूरजपुर तहसीलदार सूर्यकांत साय ने बताया कि दोनों युवक लांची गांव के निवासी थे और सुबह से पत्थर की खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान पत्थर धंस गया। उन्होंने कहा कि वहां खनन किस परिस्थिति में हो रहा था, यह जांच का विषय है।
वहीं एसडीओपी अभिषेक पैंकरा ने बताया कि शासकीय जमीन पर गिट्टी-मिट्टी निकालने के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था। हादसे के बाद पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
“दो जवान बेटों की मौत ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया है। अब हर किसी के मन में एक ही सवाल है—क्या यह हादसा टाला जा सकता था?”

