सूरजपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर स्वास्थ्य और अनुशासन का संदेश देने के लिए आयोजित कार्यक्रम उस समय विवादों में घिर गया जब फ्री टी-शर्ट वितरण के दौरान अफरा-तफरी और छीना-झपटी का माहौल बन गया। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग टी-शर्ट लेने के लिए एक-दूसरे पर टूट पड़ते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सूरजपुर के रंगमंच परिसर में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम में सांसद चिंतामणि महाराज भी मौजूद थे। योग सत्र समाप्त होने के बाद जैसे ही निशुल्क टी-शर्ट का वितरण शुरू हुआ, वहां व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई।
वायरल वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी और जनप्रतिनिधि भी टी-शर्ट लेने की होड़ में शामिल दिखाई दे रहे हैं। टी-शर्ट पाने के लिए लोगों के बीच धक्का-मुक्की और छीना-झपटी का दृश्य कैमरे में कैद हो गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर कार्यक्रम की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वितरण की उचित व्यवस्था की जाती तो इस तरह की स्थिति पैदा नहीं होती। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन और आयोजन समिति की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा शुरू हो गई है।
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
योग दिवस जैसे अनुशासित कार्यक्रम में अव्यवस्था क्यों? टी-शर्ट वितरण के लिए पर्याप्त प्रबंधन क्यों नहीं किया गया?पुलिस और जिम्मेदार लोगों की भूमिका पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस घटना पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

