रायपुर: विधानसभा के मानसून सत्र की तारीखों का ऐलान विधानसभा सचिवालय ने कर दिया है. 6ठी विधानसभा का 10वां सत्र 13 जुलाई से शुरू होगा. 13 जुलाई से शुरू हुआ ये सत्र 17 जुलाई यानि कुल पांच दिनों तक चलेगा. पांच दिनों के इस मानसून सत्र में कुल पांच बैठकें होंगी. इन पांच अहम बैठकों में सरकार वित्तीय और अन्य महत्वपूर्ण शासकीय कार्य सदन के पटल पर रखेगी. पांच दिनों का सत्र होने के चलते ये कयास लगाए जा रहे हैं कि सत्र काफी हंगामेदार रहेगा. विपक्ष कई मुद्दों पर सरकार को सदन में घेरने का काम करेगी.13 से 17 जुलाई तक चलेगा मानसून सत्र
नवा रायपुर विधानसभा सचिवालय ने आज सत्र की आधिकारिक अधिसूचना और दिनदर्शिका (डायरी) जारी कर दी है. विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू होकर 17 जुलाई तक चलेगा.इस बार मानसून सत्र केवल पांच दिनों का होगा. सत्र के दौरान कुल पांच बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रश्नोत्तर काल के साथ विभिन्न शासकीय कार्यों पर चर्चा और निर्णय होंगे.
13 जुलाई (सोमवार): प्रश्नोत्तर और शासकीय कार्य
14 जुलाई (मंगलवार): प्रश्नोत्तर और शासकीय कार्य
15 जुलाई (बुधवार): प्रश्नोत्तर और शासकीय कार्य
16 जुलाई (गुरुवार): प्रश्नोत्तर और शासकीय कार्य
17 जुलाई (शुक्रवार): प्रश्नोत्तर, शासकीय कार्य और अंतिम ढाई घंटे अशासकीय कार्य (निजी संकल्प एवं विधेयक)
मानसून सत्र की अवधि पांच दिन होने के चलते राजनीतिक तापमान काफी गर्म रहने की संभावना है. विपक्ष विभिन्न जनहित, स्थानीय और वित्तीय मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है, वहीं सरकार अपने महत्वपूर्ण एजेंडे और प्रस्तावों को सदन से पारित कराने की तैयारी में जुटी है. मानसून सत्र भले ही केवल 5 दिनों का हो, लेकिन राजनीतिक दृष्टि से यह काफी अहम माना जा रहा है. सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहसों के साथ कई महत्वपूर्ण फैसलों पर पूरे प्रदेश की नजर रहेगी.

