राजनांदगांव: शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमातपारा में मंगलवार को उस समय हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई, जब एक प्रॉपर्टी डीलर कार्यालय में कथित संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। मोहल्लेवासियों ने कार्यालय को घेरकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट भी की। घटना की जानकारी मिलते ही बसंतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
स्थानीय लोगों का आरोप था कि प्रॉपर्टी डीलिंग के नाम पर संचालित उक्त कार्यालय में लंबे समय से अनैतिक और संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। लोगों का कहना था कि यहां देह व्यापार का कारोबार चलाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा था। इसी आशंका को लेकर मोहल्लेवासियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने कार्यालय का घेराव कर दिया। विवाद और हंगामे की सूचना मिलने पर बसंतपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्यालय में मौजूद एक युवक और एक युवती को पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गई।
पूछताछ के दौरान दोनों से मामले से संबंधित जानकारी ली गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की पहचान कैलाश लॉज संचालक प्रीमन कुमार जैन उर्फ अप्पू जैन के रूप में हुई। पुलिस ने प्रीमन कुमार जैन और संबंधित युवती के खिलाफ पृथक-पृथक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए दोनों को एसडीएम न्यायालय राजनांदगांव के समक्ष पेश किया।

