नियमित परीक्षा शुल्क 280 से बढ़कर 480 रुपए, कुल शुल्क अब 800 रुपए; स्वाध्यायी और विलंब शुल्क में भी भारी बढ़ोतरी
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए हाईस्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) बोर्ड परीक्षाओं की शुल्क दरों में उल्लेखनीय वृद्धि कर दी है। मंडल की कार्यपालिका एवं वित्त समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के बाद संशोधित शुल्क संरचना जारी की गई है। नई व्यवस्था के तहत छात्रों को परीक्षा संबंधी विभिन्न मदों में पहले की तुलना में अधिक राशि जमा करनी होगी।
जारी आदेश के अनुसार नियमित परीक्षा शुल्क 280 रुपए से बढ़ाकर 480 रुपए कर दिया गया है। वहीं अंकसूची शुल्क 100 रुपए से बढ़ाकर 200 रुपए तथा प्रायोगिक परीक्षा शुल्क 80 रुपए प्रति विषय से बढ़ाकर 120 रुपए प्रति विषय निर्धारित किया गया है। इसके चलते नियमित विद्यार्थियों के लिए कुल परीक्षा शुल्क 460 रुपए से बढ़कर 800 रुपए हो गया है।
मंडल ने अन्य शुल्कों में भी वृद्धि की है। संपूर्ण विषय परीक्षा शुल्क 1230 रुपए से बढ़ाकर 1600 रुपए, स्वाध्यायी एक विषय का शुल्क 500 रुपए तथा दो विषयों का शुल्क 600 रुपए कर दिया गया है। परीक्षा केंद्र परिवर्तन शुल्क 240 रुपए से बढ़ाकर 400 रुपए और विषय अथवा संकाय परिवर्तन शुल्क 200 रुपए से बढ़ाकर 400 रुपए निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा स्वाध्यायी विद्यार्थियों के विलंब शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है। सामान्य विलंब शुल्क 770 रुपए से बढ़ाकर 1000 रुपए तथा विशेष विलंब शुल्क 1540 रुपए से बढ़ाकर 2000 रुपए कर दिया गया है। पंजीयन एवं अनुमति शुल्क भी अब 2000 रुपए देना होगा। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पंजीयन शुल्क 560 रुपए से बढ़ाकर 800 रुपए निर्धारित किया गया है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने स्पष्ट किया है कि जिन शुल्कों में संशोधन नहीं किया गया है, वे पूर्ववत लागू रहेंगे। शुल्क वृद्धि के इस फैसले से राज्य के हजारों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ने की संभावना है, विशेषकर स्वाध्यायी परीक्षार्थियों और विलंब शुल्क जमा करने वाले छात्रों पर इसका सीधा प्रभाव दिखाई देगा।

