Homeछत्तीसगढ़सूरजपुर में मोबाइल बैटरी ब्लास्ट से एक साल के मासूम की मौत

सूरजपुर में मोबाइल बैटरी ब्लास्ट से एक साल के मासूम की मौत

खेलते समय खराब बैटरी में हुआ धमाका, गंभीर रूप से झुलसे बच्चे ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

मोबाइल बैटरी ब्लास्ट से मासूम की मौत
खेलते समय हुआ धमाका, जांच में जुटी पुलिस
चेहरा, सीना और हाथ बुरी तरह झुलसे थे

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में खराब मोबाइल बैटरी का धमाका एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुआ। खेलते समय मोबाइल की पुरानी बैटरी फटने से एक साल का मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार तड़के उसकी मौत हो गई। मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव का है।

जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुर निवासी महेंद्र सिंह नेताम का एक वर्षीय पुत्र आदित्य सिंह 31 मई की शाम घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों के पास किसी पुरानी मोबाइल बैटरी के पहुंचने की बात सामने आई है। शाम करीब पांच बजे बच्चों के खेलते समय बैटरी में अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से आदित्य का चेहरा, सीना, पेट और हाथ बुरी तरह झुलस गए।

धमाके की आवाज सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंची तो बच्चा गंभीर हालत में मिला। परिजनों ने पहले उसे प्रेमनगर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। एक जून को अस्पताल में भर्ती कराए गए मासूम ने मंगलवार सुबह करीब चार बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पिता महेंद्र सिंह नेताम ने बताया कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि बैटरी बच्चों के पास कहां से आई थी। आशंका जताई जा रही है कि बच्चों द्वारा बैटरी के टर्मिनलों को शॉर्ट करने से उसमें विस्फोट हुआ होगा।

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर खराब और अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को बच्चों की पहुंच से दूर रखने की जरूरत को उजागर किया है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments