Homeछत्तीसगढ़शादी का सपना दिखाकर बिछाता था जाल! नशीला पदार्थ खिलाकर जेवर और...

शादी का सपना दिखाकर बिछाता था जाल! नशीला पदार्थ खिलाकर जेवर और नकदी लेकर हो जाता था फरार

रायपुर -छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना इलाके से ऑनलाइन ठगी और चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ पुलिस ने मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए दोस्ती कर एक युवती को नशीला पदार्थ खिलाने और लाखों रुपये के जेवर व नकदी पार करने वाले दो शातिर अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया मुख्य आरोपी कोई आम अपराधी नहीं, बल्कि एमबीए गोल्ड मेडलिस्ट है, जिसने पिछले एक महीने में ही करीब 100 महिलाओं से ऑनलाइन संपर्क कर उन्हें अपने जाल में फंसाने की रणनीति बनाई थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुख्य आरोपी अभिनव सिंह उर्फ पहलवान और उसके साथी हितिन नरूला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने जनवरी महीने में एक मैट्रिमोनियल साइट पर अभिनव सिंह से दोस्ती की थी। 15 मई को आरोपी ने जन्मदिन मनाने के बहाने पीड़िता के घर पहुंचकर साथ में भोजन किया और उसमें नशीला पदार्थ मिला दिया। युवती के बेहोश होते ही आरोपी सोने की चेन, अंगूठियां और अलमारी में रखे जेवर लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने जांच और सर्विलांस की मदद से हितिन नरूला को हरिद्वार से और मुख्य आरोपी अभिनव सिंह को दिल्ली के पहाड़गंज से दबोचा। पूछताछ में पता चला कि वारदात के समय हितिन रेलवे स्टेशन पर रुका था, जबकि अभिनव ने घर जाकर चोरी की। आरोपियों के पास से 57 हजार रुपये नकद, दो तोला सोना, चांदी का ब्रेसलेट और 5 मोबाइल समेत कुल 4.21 लाख रुपये का सामान बरामद हुआ है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी फर्जी सरकारी पहचान पत्रों का इस्तेमाल करता था और उस पर दिल्ली व उत्तराखंड में पहले से ही धोखाधड़ी और वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी ने छत्तीसगढ़ समेत देश के कई राज्यों में 10 से अधिक महिलाओं को ठगने की बात कबूली है, जिनकी विस्तृत जांच की जा रही है। अधिकारियों ने अंदेशा जताया है कि यह एक संगठित साइबर और फ्रॉड आधारित अपराध का हिस्सा हो सकता है, जिसके पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

रायपुर पुलिस की इस बड़ी सफलता के बाद, पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बनने वाले रिश्तों को लेकर बेहद सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति को निजी जानकारी देने या घर बुलाने से पहले उसका पूरी तरह से सत्यापन जरूर करें।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments