तिल्दा नेवरा
तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में ट्रक चालकों से लूटपाट, मारपीट और संभव स्टील एंड ट्यूब लिमिटेड की कैंटीन में तोड़फोड़ करने वाले 6 आरोपियों को तिल्दा-नेवरा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने कंपनी परिसर में घुसकर कर्मचारियों के साथ रॉड से मारपीट की और दहशत फैलाने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, काले रंग की कार और मोटरसाइकिल में पहुंचे आरोपियों ने सरोरा स्थित संभव स्टील एंड ट्यूब लिमिटेड में अनाधिकृत प्रवेश किया। यहां लेबर कॉलोनी और कैंटीन कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए रॉड से हमला किया गया। कैंटीन काउंटर में जमकर तोड़फोड़ की गई।
घटना के दौरान मुख्य आरोपी जयमोहन शर्मा उर्फ लक्की शर्मा ने खुद की पहचान बताते हुए कैंटीन संचालन के एवज में हर महीने अवैध रकम और शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। कर्मचारियों द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की।
इसके बाद देर रात सरोरा रोड स्थित निर्माणाधीन पुलिया के पास आरोपियों ने ट्रक क्रमांक CG 04 PG 9775 और CG 04 PG 0380 को ओवरटेक कर रोक लिया। ट्रक चालकों के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। बदमाशों ने ट्रकों के शीशे तोड़ दिए और ट्रक में रखा करीब 30 लीटर डीजल तथा चालक के पास रखे ₹25,500 नगद लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायपुर श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रशांत शुक्ला एवं एसडीओपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जयमोहन शर्मा उर्फ लक्की शर्मा समेत कुल 6 आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया 30 लीटर डीजल और ₹12 हजार नगद बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में —
- लक्की उर्फ जयमोहन शर्मा
- दिना उर्फ दिनेश
- विशाल छबलानी
- दीपक साहू
- मोहित उर्फ मोंटी मेहानी
- नोहर सिंह रजक उर्फ बूट्टी
शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

