Thursday, February 26, 2026
Homeछत्तीसगढ़रायपुर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह:स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया भी साथ आए,...

रायपुर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह:स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया भी साथ आए, भाजपा कार्यालय में देर रात तक चली बैठक

देश के गृह मंत्री अमित शाह रायपुर पहुंच गए हैं। उनके साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया भी पहुंचे हैं। दोनों नेता एयरपोर्ट से सीधे भाजपा कार्यालय पहुंचे। वहां शाह ने कार्यकर्ताओं का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इसके बाद बंद कमरे में शाह की छत्तीसगढ़ भाजपा के सीनियर नेताओं के साथ देर रात तक बैठक हुई है।

जानकारी के मुताबिक, बैठक में प्रधानमंत्री के दौरे समेत कई विषयों को लेकर चर्चा हुई है। इस बैठक में प्रभारी ओम माथुर, पूर्व सीएम रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल समेत तमाम नेता मौजूद रहे। इससे पहले एयरपोर्ट में शाह का स्वागत करने भी तमाम सीनियर नेता पहुंचे थे।

बैठक में तय हुआ है कि आने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी किन मुद्दों और किस अंदाज में जनता के बीच जाने वाली है। अमित शाह कई तरह के फीडबैक पहले ही हासिल कर चुके हैं। प्रदेश के नेताओं से भी शाह ने स्थानीय मसलों पर बातचीत की है।

बैठक का एजेंडा क्या था इसकी जानकारी अमित शाह और प्रदेश भारतीय जनता पार्टी प्रभारी ओम माथुर को थी। संगठन के चुनिंदा नेताओं को इस बैठक में बुलाया गया था। बड़े नेताओं से अमित शाह की चर्चा देर रात तक चली। अमित शाह प्रदेश कार्यालय में ही रात बिताएंगे और सुबह 11:00 बजे के आसपास उनके दिल्ली लौटने का कार्यक्रम तय है।

अमित शाह के दौरे की वजह से प्रदेश कार्यालय को सजाया गया था। गृहमंत्री को किसी तरह की परेशानी न हो इसका भी ख्याल रखा जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से प्रदेश कार्यालय को छावनी में तब्दील किया गया है। आने-जाने वालों पर निगरानी भी रखी जा रही है।

रायपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स) के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का गुरुवार को शिलान्यास होना है। इसी ब्लॉक का शिलान्यास करने केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया भी अमित शाह के साथ आए हैं। शिलान्यास के बाद स्वास्थ्य मंत्री छात्रों और शिक्षकों के साथ बातचीत भी करेंगे।

अमित शाह की बैठक को लेकर ओम माथुर ने कहाथा- चुनावी दौर शुरू है। भाजपा बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर पर काम कर रही है। सभी बड़े नेताओं से चर्चा होगी। अरुण साव ने कहा था, देश के गृहमंत्री आ रहे हैं, पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। उनका आना हमारे लिए गौरव की बात है।

पार्टी सूत्रों की मानें तो भाजपा ने लोकसभा 2024 की तैयारी में है। भाजपा का टारगेट 400 सीट पर जीत हासिल करना है। इसमें भाजपा 160 सीटों को कमजोर मान रही है। इन सीटों पर जीत के लिए रणनीति तैयार की गई है। कमजोर सीटें जिताने की जिम्मेदारी गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के जिम्मे है।

इस बीच छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान में विधानसभा चुनाव भी होना है। अमित शाह और जेपी नड्डा के बीच प्रदेशों और वहां की सीटों का बंटवारा हुआ है। तय किया गया है कि बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, यूपी, उत्तराखंड, एमपी, छत्तीसगढ़ सहित मैदानी हिस्से में मुख्य रूप से अमित शाह प्रचार करेंगे। जबकि, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र सहित अन्य हिस्सा जेपी नड्डा के जिम्मे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments