बिलासपुर-बिलासपुर में रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चारों मृतक एक ही परिवार के हैं।

देर रात करीब 2 बजे ट्रेलर (CG 11 BD 9044) सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेलर अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में पहुंच गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो (CG 04 MQ 4220) को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी अपनी चपेट में लेते हुए पलट गया। स्कॉर्पियो बुरी तरह डैमेज हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद वाहन में फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लिया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बादआज सुबह करीब 5 बजे सभी को बाहर निकाला गया,लेकिन तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में पांच लोग सवार थे, जो यादव ढाबा में आयोजित एक पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम से लौटते ही कुछ ही दूरी पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिलासपुर-रायपुर रोड पर ट्रेलर की रफ्तार बहुत तेज थी सामने से आ रही स्कॉर्पियो को देखने के बाद चालक समझ नही पाया और जिससे ट्रेलर सीधा स्कॉर्पियो से जा टकराया। टक्कर होते ही स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरहअंदर फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक सभी मृतक तखतपुर-मुंगेली क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई थी। ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तेज रफ्तार और लापरवाही की वजह से शादी की सालगिरह की खुशियां कुछ ही घंटों में चीख-पुकार में बदल गईं। घटना की खबर मिलते ही तखतपुर और मुंगेली क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन बिलासपुर पहुंच गए है ।

