बालोद- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में देवर ने भाभी को शराब पिलाई, फिर नशे में बोला- मुझसे शादी कर लीजिए। भाभी ने शादी से इनकार किया तो गला घोंटकर मार डाला। मर्डर के बाद भाभी की लाश के पास रातभर सोया रहा । मामला दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र का है।

आरोपीअमन कुमार
जानकारी के मुताबिक, मृतिका का नाम प्रीति सेमरे है। प्रीति दल्लीराजहरा के वार्ड क्रमांक- 17 में किराए के मकान में रहती थी। वहीं आरोपी का नाम अमन कुमार सेमरे है। वह जवाहर पारा का रहने वाला है, लेकिन काफी समय से रायपुर में रहकर काम करता था।30 सितंबर को देवर अमन कुमार अपनी भाभी के किराए वाले मकान में दल्लीराजहरा पहुंचा। 1 अक्टूबर की रात दोनों ने शराब पी। इसके बाद देवर अपनी भाभी पर शादी करने का दबाव बनाने लगा, लेकिन भाभी ने लोकलाज की वजह से इनकार कर दिया।
इस दौरान रात में नशे की हालत में दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। बात हाथापाई तक पहुंच गई। इस बीच गुस्साए देवर ने नशे में भाभी का गला घोंट दिया, जिससे भाभी की मौके पर मौत हो गई। मर्डर के बाद आरोपी नशे की हालत में लाश के बगल में कंबल ओढ़कर सो गया। 2 अक्टूबर की शाम करीब 6.30 बजे प्रीति की मां छाया बाई अपनी नातिन के साथ अपनी बेटी के घर लौटी। दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई जवाब नहीं आया। अनहोनी की आशंका पर मोहल्ले के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ने की कोशिश की।
इसी दौरान आरोपी अमन अपना बैग लेकर भागने लगा, लेकिन पड़ोसियों ने पकड़ लिया। उन्होंने अंदर देखा तो प्रीति की लाश चादर से ढंकी मिली। इसके बाद फौरन पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस पूरी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि प्रीति की शादी अमन के बड़े भाई पप्पू सेमरे से हुई थी, जो कि जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम का काम करता था। बीमारी की वजह से 19 जुलाई 2023 को पप्पू की मौत हो गई। इसके बाद प्रीति को अनुकंपा नियुक्ति के तौर पर स्वीपर का काम मिला।
परिजनों ने बताया कि प्रीति 100-बिस्तर वाले अस्पताल दल्लीराजहरा में स्वीपर का काम करती थी। साथ ही अपनी मां और बच्ची के साथ किराए के मकान में रहती थी। पति की मौत के बाद देवर अमन ने भाभी से नजदीकियां बढ़ाने की कोशिश की। 29 सितंबर को प्रीति की मां अपने नातिन को लेकर गांव गई थी , तब से वह अकेली रह रही थी। इसी बीच अमन आया और हत्या की।आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में BNS की धारा 103 के तहत केस दर्ज किया गया है।

