छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दो अलग-अलग घटना में दो नाबालिगों से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, वहीं दूसरी घटना का आरोपी फरार है। पुलिस आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। घटना जिले के पत्थलगांव और कांसाबेल थाना क्षेत्र की है।
SP शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले के पत्थलगांव और कांसाबेल थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग दुष्कर्म की घटनाएं हुई है। जिसमें पहली घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र की है। परिचय के व्यक्ति ने घर में घुसकर जबरन बालिका के साथ दुष्कर्म किया। नाबालिग घर में अकेली थी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
वहीं दूसरी घटना कांसाबेल थाना क्षेत्र की है। जहां स्कूल से घर लौट रही 14 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि नाबालिग छात्रा स्कूल से घर लौट रही थी। इसी बीच अज्ञात बाइक सवार युवक ने लिफ्ट देने के बहाने से बहला फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी सलीम साईं अपनी मोटरसाइकिल में आकर बच्ची से बोला कि तुम्हारी मैडम तुमको स्कूल बुला रही है। आरोपी नाबालिग को झांसे में लेकर बाइक में बैठाकर जंगल ले गया और रेप किया। जब बच्ची रोने लगी, चीखने लगी तब आरोपी सलीम साईं बच्ची को उसके स्कूल के बाहर छोड़कर फरार हो गया था। जिसके बाद परिजनों ने कांसाबेल थाना में पहुंचकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
एसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि कांसाबेल मामले में साइबर सेल की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। बच्ची के बताए गए आरोपी का हुलिया और उसके बाइक नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।

