अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 दिन के विशेष अनुष्ठान शुरू किया है. इसके लिए प्रधानमंत्री ने एक ऑडियो जारी किया है. पीएम ने कहा है कि मैं भावना को शब्दों में बांध नहीं पा रहा हूं.
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पहले एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जारी किएऑडियो संदेश में उन्होंने कहा, ‘अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में केवल 11 दिन ही बचे हैं। मेरा सौभाग्य है कि मैं भी इस पुण्य अवसर का साक्षी बनूंगा। प्रभु ने मुझे प्राण प्रतिष्ठा के दौरान सभी भारतवासियों का प्रतिनिधित्व करने का निमित्त बनाया है। इसे ध्यान में रखते हुए मैं आज से 11 दिन का विशेष अनुष्ठान आरंभ कर रहा हूं। मैं आप सभी जनता-जनार्दन से आशीर्वाद का आकांक्षी हूं। इस समय, अपनी भावनाओं को शब्दों में कह पाना बहुत मुश्किल है, लेकिन मैंने अपनी तरफ से एक प्रयास किया है।
चारों तरफ भक्ति का अद्भुत वातावरण- मोदी
वीडियो की शुरुआत पीएम मोदी ‘राम-राम’ कहते हुए करते हैं. पीएम मोदी आगे कहते हैं, ‘जीवन के कुछ क्षण ईश्वरीय आशीर्वाद की वजह से ही यथार्थ में बदलते हैं आज हम सभी भारतीयों के लिए, दुनियाभर में फैले रामभक्तों के लिए ऐसा ही पवित्र अवसर है. हर तरफ प्रभु श्रीराम की भक्ति का अद्भुत वातावरण है. चारों दिशाओं में राम नाम की धूम है. राम भजनों की अद्भुत सौन्दर्य माधुरी है.हर किसी को इंतजार है 22 जनवरी का, उस ऐतिहासिक पवित्र पल का.और अब अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में केवल 11 दिन ही बचे हैं. मेरा सौभाग्य है कि मुझे भी इस पुण्य अवसर का साक्षी बनने का अवसर मिल रहा है.

